Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा को सफल बनाने में जुटा प्रशासन, एलजी मनोज सिन्हा बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

    Updated: Sun, 08 Jun 2025 08:20 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर प्रशासन अमरनाथ यात्रा को सफल बनाने में जुटा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्राइन बोर्ड की बैठक में यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार पर चर्चा हुई जिसमें आवास क्षमता बढ़ाना और प्रसाद बिक्री काउंटर का विस्तार शामिल है।

    Hero Image
    राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बैठक में अमरनाथ यात्रा को लेकर जारी तैयारियों का जायजा लिया।

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। कश्मीर के लिए रेल सेवा शुरू होने की परियोजना पूरी होने के बाद अब जम्मू-कश्मीर प्रशासन पूरी तरह से श्री अमरनाथ यात्रा को सफल बनाने की तैयारियों में जुट गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि अमरनाथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम सभी यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपराज्यपाल ने शनिवार को राजभवन में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की 49वीं बोर्ड बैठक में संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और यात्रियों के लिए सुविधाओं में और सुधार के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। यात्रा के सभी आधार शिविरों और दोनों यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं और आवश्यक सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।

    इसमें आपदा प्रबंधन की तैयारियों, यात्रा संबंधी जानकारी के प्रसार, यात्रियों और सेवा देने वालों के लिए बीमा कवर, यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, जल, बिजली सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना का निर्देश दिया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं को मौसम पूर्वानुमान की जानकारी देने को भी कहा गया। उपराज्यपाल ने आवास क्षमता में वृद्धि, प्रसाद बिक्री काउंटरों का विस्तार, बोर्ड की ऑनलाइन सेवाएं, आरएफआईडी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की।

    इस दौरान बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मंदीप भंडारी ने यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में एक विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में श्राइन बोर्ड के सदस्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, प्रोफेसर कैलाश मेहरा साधु, केके शर्मा, केएन राय, मुकेश गर्ग, डॉ. शैलेन्द्र रैना, डॉ. सिमरिधि बिंद्रू, सुरेश हावरे और प्रोफेसर विश्वमूर्ति शास्त्री ने भाग लिया। बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात भी उपस्थित रहे।

    अब तक तीन लाख 31,000 यात्रियों ने कराया पंजीकरण

    पहलगाम हमले के बावजूद बाबा अमरनाथ के श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक करीब 3,31,000 यात्रियों ने पंजीकरण करवा लिया है। अभी करंट पंजीकरण भी होगा।

    ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि इस बार भी यात्रा पांच लाख का आंकड़ा पार कर लेगी। वहीं, अमरनाथ यात्रा के दोनों मार्गों पहलगाम व बालटाल रूट को ठीक करने का कार्य भी जारी हैं। इस बार यात्रा 38 दिन की होगी, जो नौ अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी।