Jammu: भगवती नगर मार्ग पर चंद्रभागा हाल में खुला आधार सेवा केंद्र, त्रुटियां दूर कराने का आह्वान
मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि अब आधार कार्ड जरूरी हो गया है। इतना ही नहीं लोग केंद्र में आने के लिए ऑनलाइन समय भी ले सकते हैं। इस केंद्र में रोजाना 500 लोगों को सेवा दी जा सकती है।

जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू नगर निगम और जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के आइटी विभाग ने भगवती नगर रोड पर चंद्रभागा कम्युनिटी हाल में आधार सेवा केंद्र खोला। इस आधार सेवा केंद्र का मकसद लोगों को आधार कार्ड बनाकर बेहतर सेवा उपलब्ध करवाना है। शुक्रवार को मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने सूचना तकनीक विभाग के सचिव सिमरनदीप सिंह व निगम आयुक्त अवनी लवासा की उपस्थिति में इस केंद्र का उद्घाटन किया। मेयर ने कहा कि इस आधार सेवा केंद्र के खुलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह केंद्र सुबह 9 से शाम 5.30 बजे तक खुला रहा करेगा। लोग इसमें आएं और अपने आधार कार्ड को बनवाने के साथ त्रुटियों को दूर करवाएं।
उन्होंने कहा कि अब आधार कार्ड जरूरी हो गया है। इतना ही नहीं लोग केंद्र में आने के लिए ऑनलाइन समय भी ले सकते हैं। इस केंद्र में रोजाना 500 लोगों को सेवा दी जा सकती है। केंद्र के अंदर भी 50 लोगों के खड़ा होने के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट कार्यालय की तरह ही यह केंद्र भी काम करेगा। उद्घाटन के बाद सचिव सिमरनदीप सिंह ने कहा कि ऐसा ही एक केंद्र श्रीनगर में भी खोला जाएगा। इसे यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथारिटी आॅफ इंडिया (यूआइडीएआइ) की तरफ से खोला गया है। इसमें नागरिक निश्शुल्क अपना बनाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मोबाइल नंबर, पता या जन्म तिथि में बदलाव के लिए 50 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।
बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 100 रुपये लिए जाएंगे : आधार सेवा केंद्र पर बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 100 रुपये लिए जाएंगे। पांच साल से लेकर 15 साल के बच्चों के बायोमैट्रिक को अपडेट करने का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस स्मार्ट आधार सेवा केंद्र का फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूआइडीएआइ ने स्मार्ट चिप प्राइवेट लिमिटेड को इस काम के लिए चुना है। पूरे भारत में यही कंपनी आधार केंद्र चला रही है। वहीं निगम आयुक्त अवनी लवासा ने कहा कि जम्मू शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चंद्रभागा हाल में केंद्र खोला गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।