Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विश्व निर्माता भगवान विश्वकर्मा का गुणगान

    जागरण संवाददाता, जम्मू : मंदिरों के शहर जम्मू में शुक्रवार को हर ओर 'ओम नमों विश्वकर्मा नम:' का पाठ

    By Edited By: Updated: Sat, 25 Oct 2014 06:20 PM (IST)

    जागरण संवाददाता, जम्मू : मंदिरों के शहर जम्मू में शुक्रवार को हर ओर 'ओम नमों विश्वकर्मा नम:' का पाठ और विश्व निर्माता भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान हुआ। इंजीनियरिंग, मैकेनिक, मिस्त्री व अन्य ने अपनी इकाइयां व दुकानें बंद रखीं। भगवान विश्वकर्मा का धन्यवाद करते हुए औजारों की पूजा की। औद्योगिक इकाई मालिकों ने भी कर्मचारियों व उनके परिजनों के लिए विशेष कार्यक्रम व प्रीति भोज आयोजित किया। शहर के मार्बल मार्केट सहित न्यू प्लॉट, शक्ति नगर, मिश्रीवाला, डिग्याना औद्योगिक क्षेत्र में हवन पाठ के साथ मशीनों-औजारों की पूजा-अर्चना के उपरांत रंगारंग कार्यक्रम हुए। भगवान विश्वकर्मा मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मार्बल वर्कर्स यूनियन की ओर से मार्बल मार्केट में समारोह हुआ। सुबह सबसे पहले श्रमिकओं ने हवन किया। आहुतियां अर्पित कर श्रमिकों ने विश्व शांति की कामना के साथ भगवान से काम में बढ़ोतरी की प्रार्थना की। भवन मंत्री रमन भल्ला भी धार्मिक समारोह में उपस्थित थे। उन्होंने श्रमिकों को विश्वास दिलाया कि वे भले ही देश के विभिन्न राज्यों से यहां जीविका कमाने के लिए लाए हैं परंतु उनका पूरा प्रयास होगा कि उन्हें यहां हर संभव सुविधाएं मिलें। प्रधान राम बचन राव ने समस्त यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए पांच हजार रुपये का चेक प्रदान किया। हवन संपन्न होने के उपरांत शानदार भोजपुरी विरह का मुकाबला करवाया गया जिसमें महुआ चैनल पर चलने वाले सुर संग्राम कार्यक्रम के विजेता विरेंद्र भारती और गायिका अनुभा राय ने गीत के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान किया। यूनियन प्रधान राम वचन राव ने बताया कि इस सारी सृष्टि का निर्माण करने वाले भगवान विश्पकर्मा जी महाराज हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाबा विश्वकर्मा वेलफेयर एसोसिएशन डिग्याना ने इंडस्ट्रियल इस्टेट डिग्याना में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया। एसोसिएशन के ज्ञानी आत्मा सिंह, स. जोगेंद्र सिंह, हरबंस सिंह अन्य अन्य सदस्यों ने पूजा अर्चना की। स्थानीय कलाकार द्वारा प्रस्तुत किए पंजाबी गीतों ने दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। विश्वकर्मा सभा शक्ति नगर ने सभा ने आकर्षक लोगो जारी किया। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर फूल अर्पित करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। पिछड़े वर्ग के चेयरमैन कुलदीप राज वर्मा ने लोगों को यकीन दिलाया कि वह बिरादरी की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएंगे। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस की ओर से भी कुंजवानी स्थित ग्राउंड वाटर डिवीजन जम्मू की वर्कशाप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर पीएचई सुनिल गुप्ता, एग्जिक्यूटिव इंजीनियर अशोक सिंह चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस पूजा में शामिल हुए। इंटक प्रधान शिव कुमार शर्मा ने भगवान विश्वकर्मा की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी कर्मचारियों से विकास में सहयोग देने के लिए कहा। उन्होंने पीएचई प्रबंधन के समक्ष कर्मचारियों की मांगों को उजागर करते हुए उन्हें जल्द पूरा करने की मांग भी की।