यहां शिव ने सुनाई थी अमर कथा
पुराणों में संस्मरण है कि एक बार मां पार्वती ने बड़ी उत्सुकता से बाबा श्री विश्वनाथ महादेव से यह प्रश्न किया कि ऐसा क्यूं होता है कि आप अजर अमर हैं और मुझे हर जन्म के बाद नए स्वरूप में आकर फिर से वर्षो की कठोर तपस्या के बाद आपको प्राप्त करना होता है। जब मुझे आपको ही प्राप्त करना है तो फिर मेरी यह तपस्या क्यूं? मेरी इतनी कठोर परीक्षा क्यूं? और आपके कंठ में पड़ी यह परमुण्ड माता तथा आपके अमर होने का कारण व रहस्य क्या है? महाकाल ने पहले तो माता को यह गूढ़ रहस्य बताना उचित नहीं समझा, परंतु स्त्री हठ के आगे उनकी एक न चली। भगवान शंकर ने मां पार्वती जी से एकांत व गुप्त स्थान पर अमर कथा सुनने को कहा ताकि कोई न सुने। क्योंकि, जो इस कथा को सुन लेता, वो अमर हो जाता। इस कारण शिव जी मां पार्वती को लेकर किसी गुप्त स्थान की ओर चल पड़े। सबसे पहले भगवान भोले ने अपनी सवारी नंदी को पहलगाम पर छोड़ दिया, इसलिए बाबा अमरनाथ की यात्रा पहलगाम से शुरू करने का बोध होता है। आगे चलने पर चंद्रमा को चंदनबाड़ी में अलग कर दिया और गंगा जी को पंचतरणी में। उसके बाद कंठाभूषण सर्पो को शेषनाग पर छोड़ दिया। इस प्रकार इस पड़ाव का नाम शेषनाग पड़ा। आगे की यात्रा में अगला पड़ाव गणेश टॉप पड़ता है, इस स्थान पर बाबा ने अपने पुत्र गणेश को भी छोड़ दिया था, जिसको महागुणा का पर्वत भी कहा जाता है। पिस्सू घाटी में पिस्सू नामक कीड़े को भी त्याग दिया। इस प्रकार महादेव ने अपने पीछे जीवनदायिनी पांचों तत्वों को भी अपने से अलग कर दिया। इसके साथ मां पार्वती संग एक गुप्त गुफा में प्रवेश कर गए। कथा कोई न सुने इसलिए शिव जी ने चमत्कार से गुफा के चारों ओर आग प्रज्ज्वलित कर दी। फिर अमर कथा मां पार्वती को सुनाना शुरू किया। कथा सुनते हुए देवी पार्वती को नींद आ गई। भगवान शिव कथा सुनाते रहे। इस समय दो सफेद कबूतर कथा सुन रहे थे और बीच-बीच में गूं-गूं की आवाज निकाल रहे थे। शिव जी को लग रहा था कि मां पार्वती कथा सुन हुंकार भर रही है। इस तरह दोनों कबूतरों ने अमर होने की पूरी कथा सुन ली।
कथा समाप्त होने पर शिव का ध्यान पार्वती की ओर गया। शिव जी ने सोचा कि पार्वती सो रही है तो कौन हामी भरी रहा था। तब महादेव की दृष्टि कबूतरों पर पड़ी तो क्रोधित हो गए और उन्हें मारने के लिए तत्पर हुए। इस पर कबूतरों ने शिव जी से कहा कि हे प्रभु हमने आपसे अमर कथा सुन ली है। यदि आप हमें मार देंगे तो अमर होने की यह कथा झूठी हो जाएगी। इस पर शिव जी ने कबूतरों को जीवित छोड़ दिया और उन्हें आर्शीवाद दिया कि तुम सदैव इस स्थान पर शिव-पार्वती के प्रतीकचिन्ह के रूप में निवास करोगे।
अत: यह कबूतर का जोड़ा अजय अमर हो गया। माना जाता है कि आज भी इन कबूतरों का दर्शन भक्तों को प्राप्त होता है। इस तरह से यह गुफा अमर कथा की साक्षी हो गई व इसका नाम अमरनाथ गुफा पड़ा। यहां गुफा के अंदर भगवान शंकर बर्फ के निर्मित शिवलिंग के रूप में विराजमान हैं। पवित्र गुफा में मां पार्वती के अलावा गणेश के सभी अलग से बर्फ से निर्मित प्रतिरूपों के भी दर्शन किए जा सकते हैं।
-------------
गड़रिये ने ढूंढा गुफा
पवित्र गुफा की खोज के बारे में पुराणों में भी एक कथा प्रचलित है कि एक गड़रिये को एक साधु मिला। उसने उस गड़रिये को कोयले से भरी एक बोरी दी। गड़रिया अपने कंधे पर लाद पर अपने घर को चल दिया। घर आकर उसने बोरी खोली तो वह आश्चर्य चकित हुआ। क्योंकि, कोयले की बोरी अब सोने के सिक्कों की हो चुकी थी। इसके बाद वह गड़रिया साधु से मिलने व धन्यवाद देने के लिए उसी स्थान पर गया, जहां पर साधु से मिला था। परन्तु वहां उसे साधु नहीं मिला बल्कि ठीक उसी जगह एक गुफा दिखाई दी। गड़रिया जैसे ही उस गुफा के अंदर गया तो उसने वहां पर देखा कि भगवान भोले शंकर बर्फ के बने शिवलिंग के आकार में स्थापित थे। उसने वापस आकर सबको यह कहानी बताई और इस तरह भोले बाबा की पवित्र अमरनाथ गुफा की खोज हुई। धीरे-धीरे दूर-दूर से भी लोग पवित्र गुफा एवं बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने लगे।
-------------
श्री अमरनाथ जी
के दर्शन से लाभ
बाबा अमरनाथ दर्शन का महत्व पुराणों में भी मिलता है। पुराण अनुसार काशी में लिंग दर्शन और पूजन से दस गुना, प्रयाग से सौ गुना और नैमिषारण्य से हजार गुना पुण्य देने वाले श्री अमरनाथ जी के दर्शन है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।