प्रेम के प्रतीक
जब चाहत का इजहार करने की बात आती है, तो कई बार शब्द कम पड़ जाते हैं। दरअसल प्यार में सिमट आते हैं अनगिनत खूबसूरत अहसास। जाहिर है कि उन्हें शब्दों में बांधा नहींजा सकता।

जब चाहत का इजहार करने की बात आती है, तो कई बार शब्द कम पड़ जाते हैं। दरअसल प्यार में सिमट आते हैं अनगिनत खूबसूरत अहसास। जाहिर है कि उन्हें शब्दों में बांधा नहींजा सकता। यहां आपकी मुश्किल हल करते हैं प्रेम के ये प्रतीक
क्यूपिड
यह चाहत और प्रणय निवेदन का प्रतीक है। रोमन कथाओं के अनुसार पंख वाले देवता क्यूपिड के हाथों में सदा तीर व धनुष रहता है। ग्रीक दंतकथाओं के अनुसार क्यूपिड और उसकी बहन ऐफ्रोडाइट अव्यवस्था से पैदा हुए हैं। वहीं रोमन मान्यताओं के अनुसार मार्स और वीनस के मिलन से क्यूपिड का जन्म हुआ। यह माना जाता है कि प्यार अंधा होता है। फलस्वरूप अक्सर चित्रों में क्यूपिड की आंखें बंद नजर आती हैं। कथाओं के अनुसार क्यूपिड का तीर लगने के बाद व्यक्ति प्यार में पूरी तरह डूब जाता है। इसकी भी एक मजेदार कहानी है। वीनस ने क्यूपिड को यह आदेश दिया कि वह उसकी प्रतिद्वंदी साइकी पर अपना तीर चलाकर उसे दुनिया की सबसे निकृष्ट चीज के प्रति प्रेम के वशीभूत कर दे। क्यूपिड ऐसा करते, किंतु उस तीर से स्वयं उन्हें ही खरोंच लग गई। फिर क्या था, क्यूपिड स्वयं ही साइकी के प्यार में डूब गए।
डायमंड्स
शाश्वत प्रेम और पवित्रता का प्रतीक हैं डायमंड। ग्रीक मान्यताओं के अनुसार देवताओं के आंसू हैं डायमंड्स। वहीं रोमन मान्यता के अनुसार टूटे हुए तारों के टुकड़े हैं डायमंड्स। इस बहुमूल्य रत्न की चमक और विशेषताएं, इसे खास बनाते हैं। कहा जाता है कि जो लोग डायमंड पहनते हैं, उनके व्यवहार में संतुलन और चीजों को उनके सही परिप्रेक्ष्य में देखने की योग्यता नजर आती है। सगाई पर हीरे की अंगूठी देने का रिवाज 15वींसदी का है जब ऑस्ट्रिया के आर्कड्यूक मैक्समिलियन ने 1477 में मैरी ऑफ बरगंडी को डायमंड रिंग दी थी।
हार्ट शेप
जुबां से बोले बगैर ही प्रेमी तक पहुंचानी हो दिल की बात तो बेस्ट आइडिया है हार्ट शेप से सजे ग्रीटिंग्स व अन्य उपहार। इसका इस्तेमाल कब से आरंभ हुआ इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहींकहा जा सकता। यह समझा जाता है कि सातवीं शताब्दी ईसा पूर्व में प्राचीन रोमन शहर सिरीन में जो सिक्के चलन में थे उन पर हार्ट शेप उकेरा गया था। यह वास्तव में उस दौर में मौजूद एक पौधे सिलफियम के फल की छवि थी। जिसे गर्भ निरोधक के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था। शुरुआत में इसे सेक्स से जोड़ा जाता था, बाद में इसे प्यार का प्रतीक माना जाने लगा। अब तो वैलेंटाइन डे पर हार्ट शेप के उपहारों की धूम रहती है।
ट्यूलिप
इस फूल के साथ जुड़ी है प्रेमी जोड़े शिरीन और फरहाद की कहानी। तुर्की में यह कथा प्रचलित है कि फरहाद को प्यार हो गया था शिरीन से। जब फरहाद को पता चला कि शिरीन की मौत हो चुकी है तो वह गम में डूब गया और घोड़े पर सवार होकर एक ऊंची चट्टान के शीर्ष पर जाकर जान दे दी। कहा जाता है जहां-जहां उसके खून की बूंदे गिरीं, वहां पर लाल ट्यूलिप के फूल उग आए। इस तरह निश्छल प्यार का प्रतीक बना लाल ट्यूलिप का फूल। इसे शादी की 11वीं सालगिरह का फूल भी माना जाता है। इसका काला मखमली केंद्र प्रेमी के दिल का प्रतीक माना जाता है।
क्लाडाफ सिंबल
हार्ट शेप पर मुकुट और उसे थामे दो नन्हें हाथ, यही है क्लाडाफ सिंबल। इसे आमतौर पर पेंडेंट, ईयरिंग्स इत्यादि में इस्तेमाल किया जाता है। क्लाडाफ सिंबल से सजी जूइॅल्रि या अन्य डेकोरेटिव आइटम प्यार के तोहफे के रूप में लोकप्रिय हैं। पहली क्लाडाफ रिंग को लेकर एक कहानी प्रचलित है। रिचर्ड जॉएस नामक एक मछुआरा आयरलैंड स्थित अपने जन्मस्थान गॉलवे से दूर अफ्रीका में रहकर काम करता था। एक बार समुद्री लुटेरों ने उसका अपहरण कर लिया और उसे सुनारी का काम करने में लगा दिया। फलस्वरूप वह योग्य कारीगर बन गया। दास के रूप में बिताए गए दिनों में भी वह अपनी प्रेमिका मार्गरेट को नहीं भूला। रिचर्ड ने प्रेमिका मार्गरेट के प्रति अपने प्यार और समर्पण को अभिव्यक्ति देते हुए उसके लिए एक खास रिंग बनाई। जब कई साल बाद उसे दासता से मुक्ति मिली तो वह अपने घर गालवे, आयरलैंड लौट आया और जब मार्गरेट से मिला तो वह रिंग भेंट की।
लाल गुलाब
यह प्रतीक है प्यार, सौंदर्य और पूर्णता का। चाहत का इजहार करने के लिए लोग लाल गुलाब देते हैं। यह तोहफा उन्हें भी दिया जाता है जिनके लिए आपके हृदय में सम्मान है और जिन्होंने साहस का परिचय दिया है। लाल गुलाब की संख्या भी मायने रखती है। प्यार के इजहार के लिए दिया जाता है सिर्फ एक गुलाब, आभार प्रकट करना हो तो दें एक दर्जन गुलाब, जबकि 25 गुलाब तब दिए जाते हैं, जब देनी हो बधाई। 50 लाल गुलाबों का गुलदस्ता ऐसे नि:स्वार्थ प्रेम का प्रतीक है, जिसमें कोई शर्त नहीं होती।
सेब
स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभकारी यह फल आनंद, बुद्धिमत्ता, समृद्धि और प्रेम का भी प्रतीक है। जीयस और हिरा के विवाह के मौके पर धरती की देवी गाया ने प्रेम और साहचर्य का प्रतीक फल सेब हिरा को ग्रहण करने को दिया था। वहीं एक अन्य ग्रीक देवता डायोनियस ने प्रेमिका एफ्रोडाइट को उपहार में सेब देकर उसका दिल जीता था।
कोकोपेली
अमेरिका के मूल निवासियों की कुछ संस्कृतियों में कोकोपेली को सृजन शक्ति एवं संतानोत्पत्ति का प्रतीक माना जाता है। हूपी संस्कृति की मान्यताओं के अनुसार कोकोपेली बांसुरी बजाता चला जा रहा है और सिर पर मोरनुमा मुकुट है। वह कभी-कभी अपनी संगिनी कोकोपेलमाना के साथ भी दर्शाया जाता है। विवाह के रीति-रिवाजों में भी कोकोपेली का महत्व है। रिवाज के अनुसार पुरुष स्त्री को आकर्षित करने के लिए प्यार की बांसुरी बजाता है। जब दोनों विवाह बंधन में बंध जाते हैं तो पुरुष वह बांसुरी तोड़ देता है, क्योंकि अब उसे अपनी जीवनसंगिनी मिल गई है।
सेलटिक लव नॉट
सेलटिक लव नॉट कुछ इस तरह की होती है कि इसका कोई छोर नजर नहींआता। यह दो दिलों के मिलन का प्रतीक है। ईसाई धर्म में पवित्र क्रॉस एवं अन्य धार्मिक प्रतीकों, पांडुलिपियों जैसे बुक ऑफ केल्स इत्यादि में सेलटिक नॉट की डिजाइन को शामिल किया गया है। यह माना जाता है कि सेलटिक लव नॉट जीवन, मानवता, आध्यात्मिकता और अविरल प्रेम के मौलिक सिद्धांतों को प्रतिबिंबित करती है।
कबूतर का जोड़ा
प्यार की अनूठी मिसाल पेश करता है कबूतर का जोड़ा। वे एक-दूसरे से नाता जोड़ते हैं जीवनभर के लिए। प्यार में डूबे कबूतरों के जोड़े की यह खासियत है कि यदि कोई एक कबूतर अपने साथी से बिछड़ जाए या उसकी मौत हो जाए तो दूसरा फिर नया साथी नहीं तलाश करता। उसका यह समर्पण साथी के लिए प्यार ही तो है। यही वजह है कि कबूतरों का जोड़ा प्रतीक है कभी न खत्म होने वाले प्यार का।
मेपल लीफ
जापानी और चीनी संस्कृतियों में प्रेमियों के प्रेम को प्रतिबिंबित करती हैं मेपल की पत्तियां। जिस प्रकार मेपल पौधे से मीठा सिरप प्राप्त होता है, उसी प्रकार मेपल की पत्तियां जिंदगी में प्यार की मिठास को अभिव्यक्त करती हैं। उत्तरी अमेरिका में लोग मेपल की पत्तियां अपने बेड के पायों के नीचे रखा करते थे। उनका मानना था कि ऐसा करने से उनके वैवाहिक जीवन में प्यार और आनंद की वृद्धि होगी।
कीर्ति सिंह
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।