भोपाल में सजेगा हॉकी का 'महाकुंभ', रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतने पर भारतीय महिला टीम की नजरें
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला हॉकी टीम भोपाल में रिकॉर्ड चौथा एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतर रही है।

भारतीय महिला हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, भोपाल। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और विश्व कप में पांचवें स्थान पर रहने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम गुरुवार से भोपाल में शुरू होने वाली महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड चौथा खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
भारतीय टीम अपना पहला मैच गुरुवार को ही मलेशिया के विरुद्ध खेलेगी। प्रतियोगिता में छह टीम भाग ले रही हैं। भारत ने इससे पहले रांची और राजगीर में खेले गए टूर्नामेंट में जीत हासिल की थी। भारत वर्तमान में दक्षिण कोरिया के साथ प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से सबसे सफल टीम है।
भारत और साउथ कोरिया
इन दोनों ने तीन-तीन खिताब जीते हैं। भारत फिर से घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर रिकार्ड चौथा खिताब जीतने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगा। मुख्य कोच शोर्ड मारिन की देखरेख में भारतीय टीम शानदार फॉर्म के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है।
भारत ने जीता था स्वर्ण पदक
भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय में हैदराबाद में क्वालीफायर से विश्व कप में जगह बनाई, ऑकलैंड में एफआइएच महिला नेशंस कप जीतकर फिर से प्रो लीग में स्थान बनाया तथा नीदरलैंड्स और बेल्जियम में खेले गए विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद से इस प्रतियोगिता में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हालांकि टीम की सबसे बड़ी उपलब्धि पिछले महीने जापान में एशियाई खेलों में हासिल की, जहां उसने महिला हाकी में स्वर्ण पदक के लिए 44 साल का इंतजार समाप्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।