Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    India vs Thailand Hockey: भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी जीत, थाईलैंड को एकतरफा मुकाबले में 13-0 से रौंदा

    India Women Hockey Team बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को एकतरफा मुकाबले में करारी शिकस्त दी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दबदबा बनाते हुए 13-0 से मैच जीता। थाईलैंड की टीम गोल करने के लिए तरसती रही। वहीं भारतीय खिलाड़ियों ने दनादन गोल दागे। लालरेम्सियामी ने अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेला।

    By Umesh Kumar Edited By: Umesh Kumar Updated: Thu, 14 Nov 2024 07:52 PM (IST)
    Hero Image
    भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 13-0 से हराया।

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम का विजयी अभियान जारी है। गुरुवार को थाईलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत की शेरनियों ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। भारत ने थाईलैंड को 13-0 से हराया। लालरेम्सियामी ने अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एशियन महिला हॉकी प्रतियोगिता में गुरुवार को एकतरफा मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 13-0 से रौंद दिया। राजगीर खेल परिसर में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की मौजूदगी के दौरान प्लेयर ऑफ द मैच दीपिका के पंजे में जकड़ी मेहमान टीम को चैंपियनशिप में दूसरी शिकस्त झेलनी पड़ी। लगातार तीसरी जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम इस सत्र में सबसे बड़ी विजय से दो गोल से चूक गई।

    मैच के दौरान शॉट खेलती दीपिका। फोटो- हॉकी इंडिया

    दीपिका ने दागे पांच गोल

    इसके पहले चीन ने थाईलेंड को 15-0 से पराजित किया था। मुकाबले में दीपिका के अलावा प्रीति दुबे, लालरेम्सियामी और मनीषा चौहान ने दो-दो एवं ब्यूटी डुंगडुंग, नवनीत ने एक-एक गोल किए। थाईलैंड के खिलाफ पूरे मैच में अधिकतर समय गेंद भारत के पाले में रही। भारत को 11 पेनल्टी कॉर्नर मिले। इसमें मेजबान टीम पांच का लाभ ले सकी।

    भारत ने आठ गोल फील्ड से दागे। भारत ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली। पहले क्वार्टर पर तीन गोल दागकर थाईलैंड को जारदार झटका दिया। तीसरे मिनट में दीपिका ने मेहमान टीम की खिलाड़ियों को छकाते हुए गोल कर भारत को पहली बढ़त दिला दी। अभी पहले झटके से थाईलैंड उबर नहीं पाई थी कि प्रीति दुबे ने नौवें मिनट में एक और फील्ड गोल कर दिया।

    लालरेम्सियामी ने खेला 150वां मैच

    अपना 150वां मैच खेल रहीं लालरेम्सियामी ने मेहमान टीम को तीसरा गोलकर चौंकाया। उन्होंने खेल के 12वें मिनट में भारत का 3-0 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में दीपिका ने फिर थाईलैंड की लड़कियों को छकाते हुए फील्ड गोल कर दिया। इसके बाद भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर का लाभ उठाते हुए ब्यूटी डुंगडुंग ने खेल के 30वें मिनट में गोलकर टीम को 5-0 पर ला दिया।

    तीसरे क्वार्टर में भारत की बेटियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक के बाद एक चार गोल दाग दिए। 40वें प्रीति दुबे फील्ड गोल दागा। इसके बाद दीपिका छा गईं। उन्होंने एक के बाद एक 43वें और 45वें मिनट में गोलकर टीम को 9-0 से आगे कर दिया। अंतिम क्वार्टर में मेजबान टीम ने तेजी दिखाते हुए चार गोल किए। फील्ड से नवनीत, पेनल्टी से मनीषा चौहान, पेनल्टी से लालरेम्सियामी और खेल के 58वें मिनट में मनीषा चौहान ने फील्ड से गोलकर थाईलेंड को 13-0 से मात दे दी।

    ऐसे रहे अन्य मुकाबले

    वहीं, गुरुवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में मलेशिया को पहली जीत हासिल हुई। उसने कोरिया को 2-1 से हराया। अंक तालिका में सबसे ऊपर काबिज चाइना ने जीत की हेट्रिक लगाई। अबतक एक भी हार नहीं देखने वाली जापान को चैंपियनशिप में पहली शिकस्त झेलनी पड़ी। चाइना ने जापान को 1-2 से हराया।

    यह भी पढे़ं- Women's Asian Champions Trophy: भारतीय महिलाओं का जलवा, कोरिया को रोमांचक मैच में 3-2 से पटका, हासिल की दूसरी जीत

    यह भी पढ़ें- Rani Rampal Retirement: भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने लिया संन्यास, 16 साल के करियर को कहा अलविदा