विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय महिलाओं ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब पर किया कब्‍जा, चीन को हराकर रचा इतिहास

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:17 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 28 Nov 2026 09:58 PM (GMT+05:30)

भारतीय महिला हॉकी टीम ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में चीन को 3-1 से मात देकर इतिहास रच दिया। भारत ने चौथी बार खिताब अपने नाम किया।

भारतीय महिला हॉकी टीम (Pic Credit- Hockey India X)

भारतीय महिला हॉकी टीम (Pic Credit- Hockey India X)

HighLights

  1. भारत ने महिला एश‍ियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता

  2. भारत ने फाइनल में चीन को 3-1 से मात दी

  3. भारत ने चौथी बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने भोपाल के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल में चीन को 3-1 से मात दी।

भारत ने रिकॉर्ड चौथी बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। वैसे, यह लगातार तीसरा मौका है, जब भारत ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया यानी खिताबी हैट्रिक पूरी की। भारत इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बन चुकी है। भारत ने 2016, 2023, 2024 और 2026 में खिताब अपने नाम किए।

रांची (2023), राजगीर (2024) के बाद भोपाल में भी खिताब जीतकर भारतीय टीम ने अपनी मेजबानी में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का इतिहास रचा। जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। 

चीन ने हासिल की बढ़त

मैच के पहले क्वार्टर में चीन ने आक्रामक खेल दिखाया। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम को उसने लगातार दबाव में रखा और तीन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि भारतीय रक्षापंक्ति ने चीन को गोल करने का मौका नहीं दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी चीन का दबदबा कायम रहा। मैच के 25वें मिनट में यूजुन चेन ने गोलकर चीन को 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारत बराबरी का गोल नहीं कर सका।

भारत का तगड़ा पलटवार

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने पलटवार किया। 38वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर कप्तान सलीमा के पास से दीपिका ने गोलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके चार मिनट बाद 42वें मिनट में ईशिका ने मैदानी गोलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

अगले ही मिनट भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर दीपिका ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दाग दिया। चौथे क्वार्टर में चीन ने वापसी के कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर बढ़त कायम रखी। दर्शकों के लगातार उत्साहवर्धन के बीच भारत ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी विजेताओं की लिस्‍ट

1) 2010 में साउथ कोरिया
2) 2011 में साउथ कोरिया
3) 2013 में जापान
4) 2016 में भारत
5) 2018 में साउथ कोरिया
6) 2021 में जापान
7) 2023 में भारत
8) 2024 में भारत
9) 2026 में भारत

यह भी पढ़ें: Womens Asian Hockey Champions Trophy 2026: फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, मलेशिया को 6-2 से हराया

यह भी पढ़ें: खिताबी हैट्रिक से दो कदम दूर भारतीय बेटियां, 14 मैचों से अजेय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में मलेशिया का करेगी सामना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।