खिताबी हैट्रिक से दो कदम दूर भारतीय बेटियां, 14 मैचों से अजेय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में मलेशिया का करेगी सामना
भारतीय महिला हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में मलेशिया का सामना करेगी, जिसका लक्ष्य लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर ऐतिहासिक हैट्रिक बनाना है।

भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो: HI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, भोपाल। शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (ACT) के सेमीफाइनल में मलेशिया का सामना करेगी। इस मुकाबले में भारत का लक्ष्य अपने एशियाई प्रतिद्वंद्वी पर अपना दबदबा बनाए रखना और फाइनल में पहुंचकर लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर ऐतिहासिक हैट्रिक की ओर कदम बढ़ाना होगा।
दूसरे सेमीफाइनल में जापान का मुकाबला ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन से होगा। भारत ने लीग चरण के अपने पांचों मैचों में जीत हासिल की है और कुल मिलाकर लगातार 14 मैचों से अजेय है। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने विश्व रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल किया है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
टीम इंडिया की शानदार फॉर्म
सेमीफाइनल में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। इससे पहले राउंड-रॉबिन चरण में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था, जबकि उस मैच में शुरुआत में भारत पिछड़ गया था। भारत इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। टीम ने थाइलैंड को 7-0 और जापान को 4-0 से करारी शिकस्त दी।
दीपिका का बेहतरीन प्रदर्शन
इसके अलावा, लीग चरण में सबसे कठिन चुनौती माने जाने वाले दक्षिण कोरिया के विरुद्ध भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की। साथ ही, भारत ने चीन को भी 6-2 से हराया। भारत की आक्रामक पंक्ति में दीपिका सहरावत, लालरेम्सियामी और नेहा ने अहम भूमिका निभाई है। इनके साथ कप्तान सलीमा टेटे, मुमताज खान और पहली बार खेल रहीं पूजा साहू ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।