विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Women's Asia Cup: भारतीय टीम चीन की दीवार लांघने में नाकाम, टूर्नामेंट में झेली पहली शिकस्‍त

Published: Thu, 11 Sep 2025 08:39 PM (IST)

भारतीय महिला हॉकी टीम को एशिया कप में पहली शिकस्‍त का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम को सुपर-4 चरण में चीन के हाथों 1-4 की शिकस्‍त सहनी पड़ी। भारतीय टीम पूल चरण में अपराजेय रही थी। उसने थाईलैंड और सिंगापुर को मात दी थी जबकि जापान के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला था। सुपर-4 चरण में भारत ने कोरिया को मात दी थी। भारत अब जापान से भिड़ेगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने झेली पहली शिकस्‍त
भारतीय महिला हॉकी टीम ने झेली पहली शिकस्‍त

HighLights

  1. भारतीय महिला हॉकी टीम को चीन से 1-4 से शिकस्त मिली
  2. भारतीय टीम ने मौजूदा एशिया कप में पहली शिकस्‍त सही
  3. भारतीय टीम का अगला मुकाबला जापान से होगा

प्रेट्र, हांगझोउ (चीन)। भारतीय महिला हॉकी टीम को एशिया कप में पहली पराजय का सामना करना पड़ा, जब सुपर-4 चरण के मैच में गुरुवार को मेजबान चीन ने उसे 4-1 से हराया।

भारत के लिए एकमात्र गोल मुमताज खान ने 39वें मिनट में किया, जबकि चीन के लिए झोउ मेइरोंग (चौथा और 56वां मिनट), चेन यांग (31वां ) और तान जिंझुयांग (49वां ) ने गोल दागे। भारतीय टीम पूल चरण में अपराजेय रही थी। उसने थाईलैंड और सिंगापुर को हराया, जबकि जापान से ड्रॉ खेला। सुपर-4 चरण के पहले मैच में उसने कोरिया को 4-2 से हराया था।

सुपर-4 की शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को फाइनल खेलेंगी। एशिया कप के विजेता को 2026 महिला विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा, जो बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होना है। भारतीय टीम मौकों को भुनाने में नाकाम रही और तीन में से एक भी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सकी।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने हमले बोलकर मौके बनाए। चीन ने बढत बनाने में सफलता अर्जित की जब चौथे मिनट में मेइरोंग ने रिबाउंड पर गोल दाग दिया।

भारत को दसवें मिनट में पहला पेनाल्‍टी कॉर्नर मिला, लेकिन चीन के डिफेंडरों ने गोल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर में भी काफी मौके बने, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। आखिरी पांच मिनट में भारतीय खिलाड़‍ियों ने रफ्तार बढाई और चीनी डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। भारत को 27वें मिनट में एक और पेनाल्टी कार्नर मिला, लेकिन फिर नाकामी हाथ लगी। तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में चीन ने गोल दागकर दबाव और बढा दिया।

भारतीय खिलाड़‍ियों ने अपने ही सर्कल में यांग को गेंद तोहफे में दे दी, जिसने आसान गोल किया। चीन को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन निशाना चूक गया। मुमताज ने इस बीच 39वें मिनट में गोल करके भारत की उम्मीदें जगाई। लालरेम्सियामी ने सर्कल पर उन्हें गेंद सौंपी और बैकहैंड शॉट पर उन्होंने गोल दागा।

इसके कुछ पल बाद ही मेइरोंग ने जवाबी हमला किया, जिसे भारतीय गोलकीपर बिछू देवी ने बचाया। आखिरी क्वार्टर में चीन ने 47वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। वहीं मेइरोंग ने 56वें मिनट में एक और गोल करके चीन की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। भारत को अब शुक्रवार को जापान से खेलना है जिसे जीतकर टीम फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित करना चाहेगी।

यह भी पढ़ें- Hockey Asia Cup 2025: भारतीय महिलाओं ने सुपर-4 में कोरिया को दी शिकस्त, अब चीन से होगी टक्‍कर

यह भी पढ़ें- Hockey Asia Cup 2025: बचपन में टूट गई थी कलाई, अब टीम इंडिया के भरोसेमंद गोल स्कोरर बने अभिषेक नैन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।