शिमला से भी ठंडी ऊना की रातें
जिला में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कंपकंपाने

संवाद सहयोगी, ऊना : जिला में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कंपकंपाने वाले इन दिनों में बीते तीन दिनों से न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री के आसपास ही घूम रहा है। मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो ऊना की रातों ने ठंड में शिमला, नाहन और कांगड़ा के तापमान को भी पछाड़ दिया है।
घर से बाहर निकलते ही लोगों के हाथ-पांव ठंड के कारण सुन्न हो रहे हैं। दूसरी ओर दोपहिया वाहन पर चलना और भी दूभर हो गया है। जगह-जगह लोग अलाव सेंकते देखे जा रहे हैं। हालांकि इस बढ़ती ठंड के बीच बारिश होने की संभावना न के बराबर ही दिख रही है। लगातार बढ़ने वाली धुंध सड़क पर लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है। आगामी दिनों में भी माहौल अगर ऐसा रहा तो मटर व गेहू की फसल के लिए भी कोहरा संकट पैदा कर सकता है।
उधर, ठंड को लेकर जिला प्रशासन पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। संभावना है कि आने वाले दिनों में ठंड का कहर और बढ़ सकता है। सुबह दस बजे धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। रविवार को भी खिली धूप के कारण ऊना का अधिकतम तापमान उछाल के साथ 23.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, जबकि न्यूनतम तापमान भी दो अंक की मामूली बढ़ोतरी के साथ 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि बारिश होने की फिलहाल संभावना नहीं है।
-------------------
यह था दो दिन में ऊना का न्यूनतम तापमान
बीते दो दिनों में देखें तो ऊना में शुक्रवार, शनिवार व रविवार को न्यूनतम पारा शून्य के इर्द-गिर्द रहा, जबकि शिमला में इन दो दिनों में 4.6 व 4.4, कांगड़ा 0.8 व 2.4 तथा नाहन 6.7 व 7.5 न्यूनतम डिग्री सेल्सियस रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।