विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोलन में पीलिया-डायरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, रोजाना होगी मामलों की निगरानी

Published: Fri, 04 Sep 2026 02:10 PM (IST)

सोलन में बरसात के मौसम में पीलिया और डायरिया जैसे जलजनित रोगों के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।

सोलन में जलजनित बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट (फाइल फोटो)

सोलन में जलजनित बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट (फाइल फोटो)

HighLights

  1. स्वास्थ्य विभाग ने पीलिया-डायरिया की निगरानी बढ़ाई

  2. बीएमओ को रोजाना रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए

  3. ब्लॉक स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया टीमें गठित कीं

जागरण संवाददाता, सोलन। सोलन जिले में बरसात के मौसम में बढ़ने वाले पीलिया, डायरिया और अन्य जलजनित रोगों के मामलों को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। अब इन मामलों की नियमित निगरानी होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी बीएमओ को इन बीमारियों के मामलों की रोजाना रिपोर्टिंग पोर्टल पर करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी क्षेत्र में बीमारी के बढ़ते मामलों का समय रहते पता लगाया जा सके और आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी बीएमओ को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र से डायरिया या हेपेटाइटिस के मामलों का क्लस्टर सामने आता है तो तुरंत पानी के सैंपल लिए जाएं। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों से रैंडम तौर पर भी पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा पेयजल पीने के लिए सुरक्षित है या नहीं।

प्रशासन कर रहा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक 

विभाग की ओर से लोगों को भी पानी की स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल को लेकर जागरूक किया जा रहा है। लोगों को पानी को उबालकर पीने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आईवी फ्लूड और ओआरएस का पर्याप्त भंडारण भी किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

इसके साथ ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर क्विक रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है। किसी भी क्षेत्र में हेपेटाइटिस या डायरिया जैसे जलजनित रोगों के फैलने की सूचना मिलने पर ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी और संक्रमण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- सोलन में भारी बारिश से गली की सड़क धंसी, मकान पर जा गिरा सारा मलबा; बाल-बाल बचे लोग

बरसात में बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा

गौरतलब है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और जलभराव के कारण पीलिया, डायरिया व अन्य जलजनित बीमारियों के मामले बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए लोगों को स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि बरसात में जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। पीलिया और डायरिया के मामलों की रोजाना निगरानी की जा रही है। क्लस्टर की सूचना मिलते ही पानी के सैंपल लिए जाएंगे। ब्लॉक स्तर पर क्विक रिस्पांस टीमें गठित हैं, जो स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में वर्षा का कहर जारी, सोलन में सड़क जमींदोज; 70 सड़कों पर आवाजाही बंद