यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mountaineer Baljeet Kaur: बलजीत ने दृढ़ इच्छाशक्ति से पिघला दी बर्फ, मौत को मात देकर ऐसे लौटी हिमाचली बेटी
Mountaineer Baljeet Kaur सोलन जिला के ममलीग की रहने वाली बलजीत कौर ने जीने की दृढ़ इच्छाशक्ति पर्वतारोहण के अनुभव ...और पढ़ें

सोलन,जागरण संवाददाता। दुनिया की 10वीं सबसे ऊंची चोटी माउंट अन्नपूर्णा को फतह कर वापस आते लापता हुई भारत की प्रमुख पर्वतारोही 27 वर्षीय बलजीत कौर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। सोलन जिला के ममलीग की रहने वाली बलजीत कौर ने जीने की दृढ़ इच्छाशक्ति, पर्वतारोहण के अनुभव और प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल से इस बाधा को पार किया। करीब 19 घंटे तक बर्फ के बीच उन्होंने मौत से जंग लड़ी। बेस कैंप-चार पहुंचाने के बाद उन्हें काठमांडू अस्पताल (नेपाल) में भर्ती किया गया है। उनकी हालत बेहतर है।
ऐसे किया गया रेस्क्यू
बलजीत सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे दो गाइड के साथ अन्नपूर्णा चोटी पर पहुंची थीं। इसके बाद बेस कैंप लौटते समय सांस लेने में दिक्कत होने के बाद वह लापता हो गईं। उनका रेडियो सिग्नल संपर्क भी टूट गया था। मंगलवार सुबह बलजीत ने बेस कैंप-चार के नजदीक होने का रेडियो सिग्नल भेजा। उन्होंने तुरंत सहायता का आग्रह किया था।

अभियान की आयोजक पायनियर एडवेंचर कंपनी के अनुसार बलजीत की जीपीएस लोकेशन 7,375 मीटर की ऊंचाई पर मिली थी। इसी आधार पर बचाव अभियान शुरू किया गया। इसमें तीन हेलीकॉप्टर का प्रयोग किया गया। दोपहर करीब एक बजे बचाव दल ने उन्हें ढूंढ लिया।
बलजीत ने लोगों को कहा शुक्रिया
सही सलामत वापस आने के बाद बलजीत ने लेगों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि लोगों की दुआओं और भगवान के आशीर्वाद से सकुशल हूं। जल्द ही अपने मिशन पर लौटूंगी। शुभकामनाओं के लिए सबका आभार। लोगों का स्नेह आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
सीएम सुक्खू ने की ये कामना
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर्वतारोही बलजीत कौर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि मैं साहसी, निर्भीक, कुछ अलग करने का माद्दा रखने वाली माउंटेन गर्ल बलजीत कौर के स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बलजीत की उपलब्धियां और बहादुरी देश-प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक हैं।
