24 घंटे में सिरमौर में करीब 17 करोड़ का नुकसान, 172 सड़कें बंद और जल विभाग की 83 योजनाएं बंद
जिला सिरमौर में भारी बारिश से भारी नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटों में 16 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है जिसमें जल शक्ति विभाग को सबसे अधिक 10 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। 83 पेयजल और सिंचाई योजनाएं बाधित हैं। लोक निर्माण विभाग की 172 सड़कें बंद रहीं जिनमें से 100 बहाल कर दी गईं।

राजन पुंडीर, नाहन। जिला सिरमौर में पिछले एक सप्ताह से जारी भारी बारिश के चलते स्थानीय लोगों तथा विभिन्न सरकारी विभागों को लगातार नुकसान हो रहा है। पिछले 24 घंटे में जिला सिरमौर को 16 करोड़ 68 लाख 95 हजार 851 रुपए का नुकसान हुआ है।
जिसमें सबसे अधिक नुकसान जल शक्ति विभाग का है, जल शक्ति विभाग की 83 पेयजल व सिंचाई योजनाएं मंगलवार को बाधित रहे। जिससे कि विभाग को 10 करोड़ 26 लाख 55 हजार का नुकसान हुआ है। नौहराधार जल शक्ति मंडल में सबसे अधिक 59 पेयजल योजनाएं बाधित रही, शिलाई में चार व पांवटा साहिब मंडल में 20 योजनाएं बाधित रही।
वहीं लोक निर्माण विभाग की 172 सड़कें मंगलवार को बंद रही, जिसमें से देर शाम तक 100 सड़कों को बहाल कर दिया गया। 72 सड़कों को बुधवार शाम तक बहाल किया जाएगा।
संगडाह मंडल में 33, शिलाई में 46, नाहन में 23, राजगढ़ में 33, पांवटा साहिब में 33 तथा सराहां मंडल में 13 सड़कें बंद रही। जिससे लोक निर्माण विभाग को 5 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं शिक्षा विभाग के विभिन्न स्कूलों को भी भारी बारिश से 46 लाख 84 हजार 851 का नुकसान हुआ है।
इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेचड़ का बाग, रोनहाट व देवना थनगा स्कूल भवनों को नुकसान पहुंचा है। कम्युनिटी असेट्स को 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उमादत निवासी अनुकोटि तहसील नौहराधार की पांच बकरियां मरी तथा चार घायल है, जिनका उसे 45 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
भारी बारिश से गौशालाओं को भी नुकसान हुआ है, जिसमें खेम सिंह चंदोग की गौशाला को 8000 का, जियालाल चंडोग की पूरी गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे की 1.50 लाख रुपए का नुकसान तथा हेमराम नेरी नावन की गौशाला को 4000 का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों के कच्चे मकान में सोहन सिंह द्राबिल के मकान को 3 लाख का नुकसान, अजय देवा मानल 15 हजार रुपए का नुकसान, दिलीप सिंह दूंगी शिल्ला 30 हजार रुपए का नुकसान और संतो देवी गंगटोली के मकान को 30 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
जबकि पक्के मकानों को भी भारी बारिश से नुकसान हुआ है, जिसमें रमेश कुमार कोटडी 2.50 लाख रुपए का नुकसान, नंदलाल चांदोंग 20 हजार रुपए का नुकसान, प्रेम सिंह नेरी नावन 1.50 लाख रुपए का नुकसान, हुसन सिंह फगल के मकान को चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
बिजली बोर्ड की 443 डीटीआर भी मंगलवार को बाधित रही। जिसमें राजगढ़ की 210, पांवटा साहिब की 217 व नाहन के 16 ट्रांसफार्मर बंद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।