सिरमौर में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 24 सड़कें अब भी बंद; लोगों की बढ़ी परेशानी
जिला सिरमौर में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। 24 सड़कें अभी भी बंद हैं जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है और फसलें खेतों में सड़ रही हैं जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने में जुटा है।

जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर में पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रभावित जनजीवन अभी सामान्य नहीं हो पाया है। भूस्खलन से बंद हुई 24 सड़कें अब भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला सिरमौर की इन 24 सड़कों में श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले संगडाह उपमंडल की 7 सड़के, नाहन की पांच, पांवटा साहिब की चार, सराहां की एक, राजगढ़ की 4 तथा शिलाई विधानसभा क्षेत्र की तीन सड़के अभी भी बंद है। इन सड़कों के बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को हो रही है, जो अपनी उपज को मंडी तक पहुंचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कई जगह भूस्खलन के कारण रास्ते बंद होने से उनकी फसल खेतों में ही सड़ रही है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है। वाहन चालक और यात्री भी खासी परेशानी झेल रहे हैं। वहीं, कामकाजी लोगों को भी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑफिस जाने वाले और अन्य काम के लिए निकलने वाले लोगों को लंबे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा है। कई ग्रामीण इलाकों का शेष क्षेत्रों से संपर्क ही टूट हुआ है।
जिला सिरमौर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ई. अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि सड़कों को बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है। कई सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। बार बार सड़कों पर मलबा गिर रहा है। ऐसे ब्लैक स्पॉट पर मशीनरी तैनात की गई है। सभी मुख्य सड़कों पर यातायात सुचारू है। कुछ संपर्क सड़कें हैं, जिन्हें खोलने का कार्य प्रगति पर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।