बलदेव भंडारी के बेटे की बिरोजा फैक्ट्री में लगी आग
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की जामुन की सेर पंचायत के अपरो में बिरोजा फैक्टरी में आग लग गई। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की जामुन की सेर पंचायत के अपरो में बिरोजा फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर बाद आग लग गई। बिरोजा फैक्ट्री में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जैसे ही आपरेटर ने मशीन चलाने के लिए मोटर चलाई तो उससे चिगारियां निकलने लगीं, जिसके साथ ही पूरी वायरिग जल गई। इससे पहले की फैक्ट्ररी के कर्मचारी आग पर काबू पाते ज्वलनशील पदार्थ बिरोजा व तैयार माल ने भी आग पकड़ ली। इससे आग बेकाबू हो गई।
बिरोजा फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं इतना भयंकर था कि कुछ ही मिनट में पूरा आसमान काले बादलों जैसा हो गया और चारों तरफ घना अंधेरा छा गया। इसी बिरोजा फैक्ट्री में पिछले वर्ष भी वेल्डिंग से मरम्मत कार्य करते हुए आग लग गई थी, तब भी लाखों का नुकसान हुआ था। यह फैक्ट्री राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी के छोटे बेटे अजय भंडारी की है। बिरोजा फैक्टरी में हुए शार्ट सर्किट से लगी आग से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मगर फैक्ट्री का करोड़ों रुपये का नुकसान आंका जा रहा है।
मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे आग लगी, वैसे ही इसकी सूचना फायर ब्रिगेड नाहन को दे दी गई। डेढ़ घंटे बाद करीब पांच बजे फायर ब्रिगेड नाहन की गाड़ियां अपरो पहुंचीं। तब तक फैक्ट्री के कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मगर आग भीषण रूप ले चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम तक फायर ब्रिगेड की टीम के दो टेंडर आग बुझाने में लगे रहे। पच्छाद उपमंडल के अधिकारियों ने भी बिरोजा फैक्ट्री में लगी आग का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
पच्छाद के एसडीएम डा. शशांक गुप्ता ने बताया कि अभी आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। आग बुझाने का कार्य जारी है। देर रात तथा बुधवार सुबह तक सारा आकलन किया जा सकेगा। करीब एक करोड़ की मशीन बताई जा रही है। साथ एक करोड़ का अन्य सामान बताया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।