Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहलगाम हमले में CM सुक्खू से क्यों मांगा इस्तीफा? अब हिमाचल सरकार ने झारखंड के मंत्री से मांगा जवाब

    Updated: Fri, 25 Apr 2025 09:38 PM (IST)

    रजनी पाटिल ने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा में चूक नहीं होनी चाहिए। राहुल गांधी के निर्देशानुसार कांग्रेस केंद्र सरकार के साथ है। शिमला में कैंडल मार्च निकाला गया जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए। कांग्रेस ने 26 अप्रैल को प्रस्तावित संविधान बचाओ रैली स्थगित कर दी है। झारखंड सरकार से विवादित वीडियो पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

    Hero Image
    सीएम सुक्खू का इस्तीफा मांगने पर झारखंड सरकार से मांगा जवाब। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा में फिर से चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार इस समय पूरी कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के हर निर्णय के साथ खड़ी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रजनी पाटिल शिमला के रिज मैदान पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में जिला स्तर पर कैंडल मार्च निकालकर आतंकी हमले का शिकार हुए लोगों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रही है।

    नाज से रिज मैदान तक निकाले गए कैंडल मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम आदमी शामिल थे। कैंडल मार्च रिज मैदान पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संपन्न हुआ। इस दौरान पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी भी की गई।

    केंद्र सरकार के साथ खड़ी है कांग्रेस: सीएम सुक्खू

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैंडल मार्च के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि देश की एकता एवं अखंडता के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।

    देश एकजुटता के साथ राष्ट्र विरोधी ताकतों को जवाब देगा तथा कश्मीर की शांति को अस्थिर करने के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दो प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का देश के लिए बलिदान दिया है। ठीक इसी तरह से पहलगाम पहुंचे सैलानियों ने देश के लिए बलिदान दिया है।

    उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद कांग्रेस ने 26 अप्रैल को प्रस्तावित अपनी संविधान बचाओ रैली को स्थगित कर दिया है।

    झारखंड सरकार से स्पष्टीकरण मांगा गया: नरेश चौहान

    पहलगाम की आतंकी घटना के बाद आ रही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू का है।

    मंत्री पहलगाम आतंकी वारदात को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से त्याग पत्र की मांग कर रहे हैं। इस वीडियो के बाद जहां एक ओर झारखंड के मंत्री को लेकर चर्चाएं होने लगीं।

    वहीं, प्रदेश सरकार ने भी इस पर झारखंड सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि झारखंड सरकार से संपर्क किया गया है और स्पष्टीकरण मांगा है कि क्या यह वीडियो उनके शिक्षा मंत्री का है या नहीं।

    यदि ऐसा है तो हिमाचल के मुख्यमंत्री का नाम लेकर क्यों दुष्प्रचार किया जा रहा है, इस बारे में स्थिति स्पष्ट की जाए। उनका कहना है कि पहलगाम आतंकी हमले से पूरा देश सदमे में है और आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री का नाम इससे जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।

    comedy show banner