हिमाचल में फिर बिगड़ा मौसम, बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन; शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Weather) के ऊंचाई वाले इलाकों में मंगलवार को हल्की बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला और कुफरी में बर्फ के फाहे गिरे। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार को मंडी ऊना और बिलासपुर में शीतलहर की चेतावनी दी है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में वर्षा न होने से कृषि बागवानी और पर्यटन पर बुरा प्रभाव पड़ा है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। बारालाचा, रोहतांग, शिंकुला सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को हल्का हिमपात हुआ। शिमला और कुफरी में बर्फ के फाहे गिरे।
हालांकि, शिमला में लगभग तीन मिनट तक ही बर्फ के फाहे गिरे और बादल छाए रहे। लाहुल घाटी समेत दर्रों में हिमपात आरंभ हो गया है।
शीतलहर को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी
रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रा में रुक-रुक कर हिमपात का क्रम जारी है। मनाली व कुल्लू में बूंदाबांदी हुई। जिला किन्नौर का रिकांगपिओ-पांगी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) कच्चा ढांक के पास भूस्खलन होने के कारण तीन घंटे बंद रहा। पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों की चपेट में आने से यहां एक बाइक सवार बाल-बाल बचा।
यह भी पढ़ें- UP Weather Update: तेज बर्फीली हवाओं से मिलेगी राहत या धूप करेगी परेशान! देखिए कैसा रहेगा यूपी में आज का मौसम
मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार को प्रदेश के तीन जिलों मंडी, ऊना और बिलासपुर में शीतलहर की चेतावनी दी है। बुधवार को कुछ स्थानों पर बादल छाने जबकि अधिकतर में मौसम के साफ रहने का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
वर्षा न होने से कृषि-बागवानी और पर्यटन पर पड़ा बुरा प्रभाव
ताबो में सबसे अधिक 3.3, डलहौजी व मनाली में लगभग तीन डिग्री की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आई है। वर्षा न होने के कारण कृषि, बागवानी के साथ पर्यटन पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ा है। मौसम विभाग ने फरवरी में भी सामान्य से 40 प्रतिशत तक कम वर्षा का अनुमान लगाया है।
राजधानी दिल्ली में कैसा है मौसम का मिजाज?
वहीं, बात करें देश की राजधानी दिल्ली की तो लगातार बढ़ रही गर्माहट के बीच इस वर्ष फरवरी के पूर्वार्द्ध में ही गर्मी रिकॉर्ड बनाने लगी है। आलम यह है कि पिछले तीन दिन से दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़ रहा है एवं अगला दिन सीजन का सबसे गर्म दिन बन जाता है।
इसी कड़ी में अब मंगलवार भी शामिल हो गया है। संभावना है कि माह के उत्तरार्ध में तापमान और बढ़ सकता है। मंगलवार को दिन भर आसमान साफ रहा। धूप भी खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
हवा में नमी का स्तर 97 से 30 प्रतिशत रहा। पीतमपुरा का अधिकतम तापमान तो 30.2 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।
यह भी पढ़ें- Weather Update: क्या फिर बढ़ेगी सर्दी? इन राज्यों में झमाझम बारिश के आसार; जानिए अगले तीन दिनों का अपडेट
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।