रिज मैदान में जयंती पर होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, बेटे विक्रमादित्य बोले- कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी
राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन 23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती पर रिज मैदान शिमला में प्रतिमा अनावरण को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहा है। फाउंडेशन कार्यक्रम को सफल बनाने में सरकार का सहयोग करेगा जिसमें विभिन्न राज्यों से समर्थकों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। 15 जून को तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एक और बैठक होगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि 23 जून को प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित उनकी प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम को एतिहासिक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चूंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है परंतु फाउंडेशन इस कार्यक्रम को बड़ा बनाने के लिये सहयोग करेगी। इस अवसर पर प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से उनके समर्थकों को आमंत्रित किया जाएगा। समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेताओं को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा।
इस समारोह में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों, विधायको, पूर्व विधायकों सहित विपक्ष के नेताओं व वरिष्ठ अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
रिज पर स्थान देने के लिए सरकार का आभार
राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की शिमला में पहली आम सभा की अध्यक्षता करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने जन भावना का सम्मान करते हुए रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने को मंजूरी दी।
उन्होंने प्रदेश सरकार के वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के निर्णय के लिए केंद्रीय आला कमान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजीव शुक्ल व रजनी पाटिल का भी आभार व्यक्त किया है।
15 जून को समीक्षा बैठक होगी
बैठक में इस दौरान 23 जून को शिमला के रिज मैदान पर होने वाले प्रतिमा अनावरण के इस समारोह की फाउंडेशन की ओर से होने वाली तैयारियों पर विचार विमर्श भी किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया की 15 जून को फाउंडेशन की फिर से एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। जिसमें विभिन्न कमेटियों का गठन व अन्य व्यवस्था के प्रारूप को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।