Himachal News: मछली मारने के लिए नदी में छोड़ा गया करंट, नहाने गए 18 साल के व्यक्ति की मौत
सलूणी में मछली मारने के लिए नदी में छोड़े गए करंट से एक युवक की मौत हो गई। 18 वर्षीय सुरेश कुमार अपने भाई और दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने के बाद सियूल ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, सलूणी : मछली मारने के लिए अज्ञात लोगों द्वारा नदी में छोड़े करंट की चपेट में आने से सलूणी में एक युवक की मौत हो गई। हादसा वीरवार शाम करीब पांच बजे हुआ।
गांव डिभर व डाकघर डियूर का रहने वाला 18 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र परस राम छोटे भाई बिट्टू उर्फ भगत राम व मित्रों के साथ बरोटी खेल मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। क्रिकेट खेलने के बाद वह खेल मैदान के निचली तरफ बहती सियूल नदी में नहाने चला गया। जैसे ही वह पानी में उतरा तो उसके शरीर में करंट दौड़ गया, जिससे वह छटपटाने लगा। कुछ दूरी पर मौजूद छोटा भाई बिट्टू उसकी तरफ दौड़ा।
उसने देखा किसी ने बिजली का तार पानी में डाला है। उसने तार को खींचा और सुरेश को बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। सुरेश को उसने बाहर निकाला लेकिन तब तक वह बेसुध हो गया था। उसके बायें हाथ पर करंट लगने के निशान थे। बिट्टू ने लोगों की मदद से उसे सड़क तक पहुंचाया।
वहां से सिविल अस्पताल किहार ले गए। चिकित्सक ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।