हिमाचल में भारी बर्फबारी, कई जगहों पर हिमस्खलन का खतरा; प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर रहने की दी सलाह
हिमाचल प्रदेश (Today Weather) में बर्फबारी और बारिश ने किसानों और बागवानों को राहत दी है। सूखने की कगार पर पहुंच चुके पेयजल स्रोत रिचार्ज हुए हैं। अटल टनल में तीन फीट नारकंडा मनाली और कुफरी में पांच इंच तक हिमपात हुआ है। लाहुल के तिंदी मनाली के धुंधी और किन्नौर के काशंग कंडे में हिमस्खलन हुआ है। केलंग में 20 और कल्पा में आठ सेंटीमीटर हिमपात हुआ है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Today Weather: प्रदेश के ऊंचे स्थानों पर वीरवार को हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा हुई। वर्षा और हिमपात से किसानों के साथ बागबानों को राहत मिली है। वर्षा व हिमपात से सूखने की कगार पर पहुंच चुके पेयजल स्रोत रिचार्ज हुए हैं।
वीरवार को अटल टनल में तीन फीट, नारकंडा, मनाली और कुफरी में पांच इंच तक हिमपात हुआ। लाहुल के तिंदी, मनाली के धुंधी और किन्नौर के काशंग कंडे में हिमस्खलन हुआ है। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।
केलंग में 20 सेंटीमीटर तक हुआ हिमपात
यहां पर भारी हिमपात के कारण आने वाले दिनों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने जनजातीय क्षेत्रों में लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। केलंग में 20 और कल्पा में आठ सेंटीमीटर हिमपात हुआ। मनाली में 40, भरमौर में 29, सराहन में 30 व सेऊबाग में 29 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में आज गरजेंगे बादल-चमकेगी बिजली, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
हिमपात के कारण मनाली-केलंग मार्ग समेत लाहुल की सभी सड़कें बंद हैं। जिला प्रशासन ने लाहुल स्पीति में शिक्षण संस्थान बंद कर दिए हैं। जिला चंबा के जनजातीय विकास खंड पांगी में दो से साढ़े तीन फीट तक हिमपात हुआ है। घाटी का संपर्क शेष चंबा से कट गया है। लोगों को घाटी से बाहर निकलने के लिए हवाई उड़ानों का ही सहारा है।
कारोबारियों में जगी पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद
पांगी मुख्यालय किलाड़ में दो फीट और ऊपरी क्षेत्रों चस्क भटोरी, चस्क, हुडान, सुराल, सुराल भटोरी, हिलूटवान सहित अन्य क्षेत्रों में लगभग साढ़े तीन फीट तक हिमपात हुआ। विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित है। सभी सड़कें बंद हैं।
जल शक्ति विभाग की कई पेयजल योजनाएं बाधित हैं। प्रदेश में दो दिन से जारी हिमपात और वर्षा से किसानों व बागवानों को राहत मिली है। वहीं, कारोबारियों में पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद जगी है।
आज फिर हिमपात और बारिश की संभावना
जनवरी के सूखे और फरवरी में कम वर्षा की भरपाई प्रदेश में व्यापक हिमपात और वर्षा से हुई है। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को भारी हिमपात और वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 24 घंटों के दौरान सामान्य से 25 से 350 प्रतिशत तक अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
कुल्लू में सामान्य से 344, जबकि शिमला में 185 और मंडी में 175 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में दो से नौ डिग्री तक की गिरावट आई है। प्रदेशभर में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।