Thiyog Weather: दोपहर बाद पहुंचीं दूध-ब्रेड की गाड़ियां, मार्ग बंद होने से बसों की आवाजाही प्रभावित
ऊपरी शिमला में शुक्रवार देर रात हुए हिमपात के कारण शनिवार को यातायात प्रभावित रहा। शिमला-ठियोग राष्ट्रीय राजमार्ग कुफरी-फागू पर फिसलन के कारण दोपहर तक यातायात असामान्य रहा। हालांकि परिवहन निगम और निजी बसें इक्का-दुक्का ही ठियोग पहुंचीं।

ठियोग, संवाद सूत्र : ऊपरी शिमला में शुक्रवार देर रात हुए हिमपात के कारण शनिवार को यातायात प्रभावित रहा। शिमला-ठियोग राष्ट्रीय राजमार्ग कुफरी-फागू पर फिसलन के कारण दोपहर तक यातायात असामान्य रहा। हालांकि परिवहन निगम और निजी बसें इक्का-दुक्का ही ठियोग पहुंचीं। दूध और ब्रेड जैसी रोजमर्रा की चीजों को लेकर छोटे वाहन 12 बजे तक ही ठियोग पहुंच पाए। बसें बंद होने के कारण ठियोग में फंसी सवारियां अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान होती रहीं।
फिसलन भरी सड़कों पर रेत फेंकी जा रही
शनिवार दोपहर तक चौपाल, नारकंडा और रोहडू मार्ग पर हिमपात के कारण यातायात सामान्य नहीं हो पाया। इसके कारण माघ की संक्रांति के लिए घर जाने वाले यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास सुबह से शुरू कर दिए। फागू-कुफरी ने बीच फिसलन भरी सड़क पर रेत फेंकी जा रही है जबकि सड़क पर बर्फ साफ करने के लिए मशीनरी काम कर रही है। पुलिस प्रशासन ने कुछ जगह पर जहां पर मार्ग फिसलन भरा है, वहां पर वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।
उपमंडल के 38 रूटों पर नहीं चलीं निगम की बसें
उपमंडल ठियोग के सभी लोकल रूटों पर परिवहन निगम की 38 बसें नहीं चल पाईं। शुक्रवार शाम को जिन रूटों पर बसें भेजी गईं वे वहीं पर फंसी हुई हैं। ठियोग में निगम के कार्यालय में 18 बसें तैनात की गई हैं जोकि उपमंडल की विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण 38 रूटों पर चलती हैं। रविवार को सामान्य तौर पर रूट बंद रहते हैं जिसके कारण सभी रूट सोमवार तक शुरू हो पाएंगे।
चूड़धार चोटी पर शनिवार सुबह से हो रहा हिमपात
जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चूड़धार चोटी पर शनिवार सुबह से रुक-रुक कर हिमपात होता रहा। शुक्रवार को नौहराधार व हरिपुरधार कस्बों में भी हिमपात हुआ है। इससे शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक सोलन-राजगढ़-मीनस, हरिपुरधार-नाहन व हरिपुरधार-कुपवी मार्ग बंद रहे। शनिवार दोपहर तक लोक निर्माण विभाग ने इन मार्गों को बहाल किया। वहीं किसानों ने वर्षा होने पर राहत की सांस ली है।
वर्षा गेहूं, जो, लहसुन और प्याज की फसल के लिए संजीवनी बनकर सामने आई है। वर्षा से लहसुन की फसल को काफी लाभ होगा। बस अड्डा के कार्यवाहक प्रभारी राजेंद्र धीमान ने बताया कि हिमपात के कारण नौहराधार व हरिपुरधार क्षेत्र की बसें देरी से पहुंचीं, दोपहर बाद से बसों का आवागमन सामान्य रूप से हो रहा है।
बर्फ पिघलाने का विभाग कर रहा नया प्रयोग
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पहली बार बर्फ को पिघलाने के लिए कैल्शियम क्लोराइड का प्रयोग किया है। इसके लिए पर्यटन स्थल कुफरी के समीप कैल्शियम क्लोराइड का प्लांट लगाया गया है। बर्फ पर कैल्शियम क्लोराइड के प्रयोग से बर्फ जमने के बाद पत्थर जैसा आकार नहीं ले पाती है। इससे मशीनरी को भी सड़क साफ करना आसान रहता है और सड़क क्षतिग्रस्त होने से भी बच जाती है।
ढली से नारकंडा तक की सड़क पर जगह-जगह रेत के ढेर लगाए गए हैं। फिसलन वाली जगह पर सुबह से ही रेत फेंकी जा रही है जिसके लिए विभागीय मशीनरी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। सड़क पर बर्फ साफ करने के लिए जेसीबी और बुल्डोजर लगाए गए हैं। वहीं कैल्शियम क्लोराइड के घोल से भी सड़क पर जमी बर्फ को पिघलाने का काम जारी है। - पीपी सिंह, एक्सईएन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।