Updated: Sat, 06 Sep 2025 10:19 PM (IST)
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिले में मणिमहेश यात्रियों को बचाने के लिए चलाए गए सफल बचाव अभियान की प्रशंसा की है। दो दिनों में 588 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों से मुफ्त में उनके गंतव्यों तक भेजा गया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि चंबा जिले में मणिमहेश यात्रियों को निकालने के लिए सफलतापूर्वक चलाए गए बचाव अभियान के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, चंबा पुलिस, होमगार्ड, गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन में कुल 588 व्यक्तियों को भरमौर से चंबा तक एयरलिफ्ट किया गया है। उन्होंने चंबा जिला प्रशासन द्वारा मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए अभियान के सफलतापूर्वक पूरा होने पर बधाई है।
उन्होंने बताया कि भरमौर से चंबा के लिए शनिवार को चार उड़ानों में 64 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर एमआइ-17 से यह अभियान सुबह आठ बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चला।
सभी तीर्थ यात्रियों को चंबा से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से उनके गंतव्यों के लिए निश्शुल्क भेजा गया है। शुक्रवार को सेना के चिनूक हेलीकाप्टर से 524 यात्रियों को सुरक्षित चंबा लाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया था।
उन्होंने कहा कि चंबा के निवासियों ने ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का परिचय देते हुए मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया। भरमौर और रास्ते में फंसे लोगों के लिए लंगर का आयोजन किया गया।
सुक्खू ने इस अभियान का नेतृत्व कर रहे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भी सराहना की, जो तीर्थ यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए कई दिनों से भरमौर में उपस्थित रहे हैं। उन्होंने बताया कि नेगी ने स्वेच्छा से चंबा से पैदल चलकर भरमौर पहुंचकर सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने का कार्य किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।