मुंबई पहुंची पहाड़ की आवाज
हिमाचल प्रदेश का एक और नायाब हीरा फिर से बॉलीवुड में चमकने को तैयार है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश का एक और नायाब हीरा बॉलीवुड में चमकने को तैयार है। पहाड़ी प्रदेश से कई कलाकारों ने बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और अब इस कड़ी में एक और पहाड़ी बाला नेहा दीक्षित का नाम जुड़ गया है। शिमला जिले के क्यारकोटी की रहने वाली नेहा दीक्षित गायकी की दुनिया में पहला कदम रख चुकी हैं। उनके पहले बॉलीवुड गीत की रिकॉर्डिग एसआरएस स्टूडियो मुंबई में हो गई है और अब जल्द ही नेहा की आवाज पूरे भारत में सुनाई देगी।
नेहा दीक्षित आरकेएमवी में संगीत का अध्ययन कर रही हैं। प्रथम सत्र की छात्रा नेहा को बचपन से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि रही और अपनी इसी रुचि को उन्होंने अपने जीवन का आधार बना लिया। नेहा ने 2015 में संगीत को पूर्ण रूप से अपना लिया। बिना किसी गुरु व शिक्षा के शास्त्रीय संगीत में पारंगत नेहा स्कूल के कार्यक्रमों में अपने स्वरों का जादू बिखेरती रही हैं। अध्यापकों द्वारा प्रेरित किए जाने पर उनके माता-पिता ने अपनी बिटिया को संगीत में शिक्षा ग्रहण करने की अनुमति दी और आज नेहा आरकेएमवी कॉलेज में प्रो. गोपाल भारद्वाज की छत्रछाया में संगीत के गुर सीख स्वयं को तराश रही हैं। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली नेहा के गाए गीतों के वीडियो यू ट्यूब पर भी देखे जा सकते हैं और यह वीडियो ही उनके बॉलीवुड के सफर का रास्ता बने। नेहा हिमाचल प्रदेश के साथ मुंबई में कई संगीत ऑडिशन की विजेता रही है।
नेहा शिमला में आयोजित हिमाचल आवाज, राइजिंग स्टार और रफी नाइट में द्वितीय स्थान पर रहीं। उन्होंने मुंबई के रियलिटी शो वॉयस ऑफ इंडिया, इंडियन आइडल व दिल है हिंदुस्तान के लिए भी ऑडिशन दिए। नेहा साथ ही स्टेज शो के अलावा विशेष उत्सवों में भी समा बांधती रही है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत व विधायक अनिरुद्ध सिंह राणा से भी नेहा सम्मानित हो चुकी हैं और मुंबई में वह भी स्वर्ण डिस्क हासिल कर चुकी हैं। नेहा का कहना है कि उनके लिए संगीत ईश्वर का दिया वरदान है और अब यह उनकी अराधना बन चुकी है। प्रदेश, गुरु और माता-पिता का नाम ऊंचा हो इसके लिए प्रयासरत रहूंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।