हिमाचल में बर्फबारी से किसानों-बागवानों को राहत, 71 सड़कें प्रभावित; आज से इन 4 जिलों में चलेगी शीतलहर
हिमाचल के छह जिलों में हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश ने किसानों और बागवानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। गेहूं सब्जियों और सेब की फसलों के लिए यह बारिश और हिमपात बहुत जरूरी था। शिमला के नारकंडा और कुफरी में बर्फबारी हुई जबकि शहर में बारिश हुई। रोहतांग दर्रे में दो फीट और अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर डेढ़ फीट हिमपात हुआ है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। शिमला सहित प्रदेश के छह जिलों में बुधवार को हिमपात जबकि मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हुई। वर्षा व हिमपात किसानों-बागबानों के लिए राहत लेकर आई है। वर्षा व हिमपात न होने का असर गेहूं सहित सब्जियों की फसल पर पड़ रहा था, वहीं सेब के लिए भी हिमपात अभी पर्याप्त नहीं हो पाया है।
वर्षा व हिमपात को गेहूं, सेब, नकदी फसलों व गुठलीदार फलों के लिए लाभदायक माना जा रहा है। शिमला के नारकंडा व कुफरी में हिमपात हुआ, जबकि शहर में वर्षा हुई। रोहतांग दर्रे में दो फीट व अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर डेढ़ फीट हिमपात हुआ है।
बर्फबारी की वजह से 71 मार्ग प्रभावित
हिमपात से केलंग-मनाली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। मनाली व लाहुल घाटी में हिमपात से पर्यटन कारोबारी व बागबान खुश हो गए। रोहतांग दर्रे सहित कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रा में भारी हिमपात का क्रम जारी है। दर्रों में दो फीट हिमपात की सूचना है। लाहुल घाटी में दारचा से कोकसर व तांदी से तिंदी तक सफेद चादर बिछ गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar Weather Today: बिहार में इस तारीख से बारिश की चेतावनी, किसानों से सावधान रहने की अपील
केलंग में भी आधा फीट बर्फ गिरी है। लोसर से समदो तक आधा फीट से अधिक हिमपात हुआ है। सोलंगनाला में एक फीट, नेहरूकुंड में आधा फीट जबकि पर्यटन नगरी मनाली में तीन इंच बर्फ गिरी है। चंबा जिले के पांगी, डलहौजी, सलूणी, भरमौर में एक से डेढ़ फीट के बीच हिमपात हुआ है। डलहौजी में ओलावृष्टि हुई। जिलेभर में वर्षा व हिमपात से 191 ट्रांसफार्मर, 71 मार्ग व 55 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
आज से चार जिलों में चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग ने वीरवार से ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में शीतलहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। सात फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर चलेगी। इसके बाद विभाग ने आठ फरवरी से प्रदेश में फिर मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है।
वर्षा-हिमपात से फिर बढ़ी ठंड
वर्षा-हिमपात के कारण प्रदेश में एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। तापमान में तीन से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का तापमान सात, डलहौजी का 11, मनाली का 10, भुंतर का तापमान 6.2 डिग्री तक नीचे गिरा है।
मौसम विभाग के अनुसार कोठी में 33, केलंग में नौ, कुकमसेरी में 8.3, भरमौर में आठ, कल्पा में 5.1, कुफरी में चार सेंटीमीटर हिमपात हुआ है। कसोल में 30, करसोग में 24.2, भुंतर में 21.4, जोगेंद्रनगर में 19, बंजार में 18.2, शिमला में ओलावृष्टि के साथ 16.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में वर्षा हुई है।
हिमाचल एक्सप्रेस लेट
हरियाणा व पंजाब सहित ऊना जिले में धुंध का प्रभाव कम नहीं हो रहा है। बुधवार सुबह हिमाचल एक्सप्रेस 25 मिनट की देरी से सात बजे ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस 12 मिनट की देरी से अंब-अंदौरा स्टेशन पर पहुंची।
कालका से शिमला जाने वाली छह ट्रेन बुधवार को अपने निर्धारित समय पर स्टेशन से रवाना हुईं। जुब्बड़हट्टी और गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें सुचारू हो रही हैं। भुंतर एयरपोर्ट से बुधवार को दो उड़ानें हुईं।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather Today: झारखंड में 7 फरवरी से बिगड़ने वाला है मौसम, IMD के अनुमान ने बढ़ाई टेंशन
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।