हिमाचल की तबाही पर राहुल और प्रियंका गांधी ने जताया दुख, कार्यकर्ताओं से की मदद करने की अपील
शिमला से प्रियंका वाड्रा ने हिमाचल में बारिश और भूस्खलन से हुई मौतों पर दुख जताया और लापता लोगों की सुरक्षा की कामना की। सचिन पायलट ने भी जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। राहुल गांधी ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में मदद करने का आग्रह किया।

राज्य ब्यूरो, शिमला। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व वायनाड से सांसद प्रियंका वाड्रा ने कहा कि हिमाचल के कई इलाकों में बारिश और भूस्खलन के चलते कई लोगों की मृत्यु और कई के लापता होने का समाचार अत्यंत दुखद है, ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। लापता लोगों के सकुशल होने की कामना करती हूं।
उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से भी मेरा आग्रह है कि प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें।
सचिन पायलट ने भी जताया दुख
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि की खबर हृदय को विचलित करने वाली है। इस दुःखद समय में मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा..मैं ईश्वर से इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सलामती की प्रार्थना करता हूं।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
शिमला कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई लोगों की जान जाने और कईयों के लापता होने की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। राहुल गांधी ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा ...मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के सकुशल मिलने की आशा करता हूं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में जुटे हैं। प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि आगे बढ़कर प्रशासन का सहयोग करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।