Himachal News: लंबी दूरी के रूटों पर ई-बसें चलाएगा HRTC, नई बसों की हुई खरीद, ट्रायल अनिवार्य
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) अब लंबी दूरी के रूटों पर ई-बसों का संचालन करेगा। इसके लिए 30 नई ई-बसें खरीदी जा रही हैं जो एक बार चार्ज होने पर 250-300 किलोमीटर तक चल सकती हैं। कंपनी को ऑर्डर मिलने के बाद एचआरटीसी ने पहले बसों का ट्रायल करने की शर्त रखी है। ये बसें शिमला से धर्मशाला और चंडीगढ़ जैसे रूटों पर चलेंगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) अब लंबी दूरी के रूटों पर ई बसों को चलाएगा। इसके लिए 30 ई बसों की खरीद की जा रही है। ये बसें एक बार चार्ज करने पर 250 से 300 किमी तक का सफर तय करेगी। जिस कंपनी को इन बसों का ऑर्डर मिला है उसके समक्ष अब ट्रायल की शर्त लगा दी है।
निगम प्रबंधन की ओर से कंपनी को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि पहले बसों का ट्रायल करवाया जाए। ट्रायल में निगम इन बसों को उक्त रूटों पर चलाकर देखेगा। शिमला से धर्मशाला, चंडीगढ़, अमृतसर सहित अन्य रूटों पर बस का ट्रायल होगा। हिमाचल में अभी इन रूटों पर डीजल बसें चलती है।
प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप यह गाड़ियां ठीक है या नहीं। इसके लिए बाकायदा एचआरटीसी के तकनीकी अधिकारियों की टीम निरीक्षण करने के लिए साथ जाएगी। यदि बस ठीक पाई जाती है तभी इसे खरीदा जाएगा। अन्यथा निगम इन बसों की खरीद नहीं करेगा। पिछले एक साल से राज्य सरकार ई बसों की खरीद के लिए प्रक्रिया के लिए औपचारिकताएं शुरू की हुई है। लेकिन अभी तक इसे सिरे नहीं चढ़ाया जा सका है।
निगम ने हाल ही में 297 ई-बसों के लिए सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया है। टाइप-1 की होगी। यह बसें बेंगलुरु में बनेंगी। 9 महीने के भीतर कंपनी 50 फीसदी बसें बनाकर देगी, जबकि 11 महीने के भीतर सभी ई-बसें मिल जाएंगी। इन बसों को हिमाचल के 18 डिपुओं में भेजा जाएगा।
इसलिए है दिक्कत
एचआरटीसी के बेड़े में 100 से 150 के करीब बसें ऐसी है जिनके इस साल 15 साल हो जाएंगे। यानी इसके बाद इन्हें नहीं चलाया जा सकता। इसके अलावा कई बसें ऐसी है जो है तो 10 व 12 साल पुरानी लेकिन इनकी हालत खराब हो चुकी है। डैड माइलेज इससे आ रही है। इसलिए निगम इन बसों को जल्द से जल्द बदलना चाह रहा है। इस साल निगम ने 45 बसों को अपने बेड़े से बाहर किया है जो पंद्रह साल पुरानी हो चुकी है।
ये होगी बसों की खासियत
-यह बस नॉन एसी होगी।
-बस 40 से 42 सीटर होगी।
-एक बार चार्ज करने पर 250 से 300 किमी का सफर तय करेगी। इसमें फास्ट चार्जिंग की सुविधा होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।