HRTC कर्मचारियों को नहीं मिली इस महीने की सैलरी, कब तक है जारी होने की उम्मीद?
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को जुलाई में वेतन नहीं मिला है। निगम प्रबंधन ने मासिक वेतन और पेंशन जारी नहीं की है। घाटे में चल रहे एचआरटीसी की सरकार पर निर्भरता है जिसने 60 करोड़ रुपये के अनुदान का प्रस्ताव भेजा है। अनुदान मिलने के बाद वेतन जारी किया जाएगा। निगम में 11000 कर्मचारी हैं जिनके वेतन और पेंशन पर 65 करोड़ रुपये खर्च होते हैं।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को इस महीने का वेतन नहीं मिला है। जुलाई महीने के पांच दिन बीत जाने के बाद भी निगम प्रबंधन ने न तो कर्मचारियों को मासिक वेतन का भुगतान किया है, न ही सेवानिवृत कर्मचारियों को पेंशन जारी की है। हर महीने कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता। घाटे से जूझ रहा एचआरटीसी की सरकार पर निर्भरता है।
राज्य सरकार की तरफ से जब मासिक ग्रांट आती है तभी वह वेतन व पेंशन जारी करता है। निगम प्रबंधन ने सरकार को प्रस्ताव भेजकर 60 करोड़ की ग्रांट मांगी है। निगम प्रबंधन का कहना है कि ग्रांट आने के बाद कर्मचारियों के वेतन की अदायगी की जाएगी।
प्रबंधन का तर्क है कि पंद्रह तारीख तक पेंशन का भुगतान भी कर दिया जाएगा। एचआरटीसी में 11 हजार के करीब कर्मचारी हैं। पेंशन व वेतन पर 65 करोड़ खर्च होता है। 6 जुलाई को रविवार है। ऐसे में अब 7 को ही वेतन जारी होने की उम्मीद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।