विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HRTC पेंशनर्स का शिमला में शक्ति प्रदर्शन, सरकार को दी चेतावनी- मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में होगा आंदोलन

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:12 PM (IST)

एचआरटीसी पेंशनरों ने शिमला में अपनी लंबित वित्तीय मांगों को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. एचआरटीसी पेंशनरों ने शिमला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया

  2. सरकारी कर्मचारियों के समान वित्तीय लाभ देने की मांग की गई

  3. मांगें न मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी पेंशनर्स अपनी लंबित वित्तीय मांगों को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ विरोध लगातार जारी है।

शुक्रवार को एचआरटीसी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदेशभर से आए पेंशनर्स ने शिमला के ओल्ड बस स्टैंड पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया।

पेंशनर्स ने सरकार पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय लाभ एचआरटीसी पेंशनर्स को भी दिए जाएं। पेंशनरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सेवानिवृत्त परिवहन पेंशन कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश के प्रधान देवराज ठाकुर ने कहा कि पेंशनर्स की मुख्य मांग है कि सरकार कर्मचारियों को जो वित्तीय लाभ दे रही है, वही लाभ एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी दिए जाएं।

मांगों में क्या-क्या शामिल?

मांगों में 50 हजार रुपये की किस्त, डीए एरियर और दो इंक्रीमेंट का एरियर शामिल है। इसके अलावा ऑपरेशन स्टाफ के छह-छह साल से लंबित नाइट ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं हुआ है।

देवराज ठाकुर ने कहा कि 3 नवंबर को प्रबंधन को नोटिस देने के बाद वार्ता हुई थी, जिसमें मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया था।

इसके बाद 3 प्रतिशत डीए जारी करने की अधिसूचना तो आई, लेकिन पेंशनरों को इसका एरियर नहीं दिया गया, जबकि उनके अनुसार कार्यरत कर्मचारियों को 18 महीने का एरियर मिला था।

पेंशनर्स के साथ भेदभाव बताया

वहीं, बाद में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 5 प्रतिशत डीए की अधिसूचना भी जारी कर दी गई। उन्होंने इसे पेंशनर्स के साथ भेदभाव बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में प्रदेशभर के पेंशनर आज एकजुट हुए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और निगम प्रबंधन ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो संघर्ष जारी रहेगा। आगामी आंदोलन के लिए आज ही रणनीति तैयार की जाएगी और अगले 12 महीनों का धरना-प्रदर्शन रोस्टर जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में नए जिलों का कब होगा गठन? कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने दिया अपडेट

यह भी पढ़ें- सोलन में धार्मिक प्रतीक कड़ा-कृपाण के कारण युवक ने छोड़ी पटवारी परीक्षा, नियमों को लेकर सिख समुदाय ने जताई नाराजगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।