विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में नए जिलों का कब होगा गठन? कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने दिया अपडेट

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:02 PM (GMT+05:30)

कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने हिमाचल में नए जिलों के गठन पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया जनगणना के बाद ही होनी चाहिए।

हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार

 हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार

HighLights

  1. नए जिलों का गठन जनगणना के बाद ही हो

  2. प्रशासनिक खर्च बढ़ता है, विकास में खास बढ़ोतरी नहीं

  3. डिजिटल सेवाओं, सड़क नेटवर्क से दूरियां कम हुईं

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने नए जिलों के गठन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि नए जिलों की प्रक्रिया जनगणना के बाद ही की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जनगणना के बीच में नए जिलों की बात होती है, तो उस समय जनगणना का आंकड़ा उपलब्ध नहीं होगा, जबकि आबादी को आधार मानकर निर्णय लिया जाना चाहिए।

चौधरी चंद्र कुमार ने बताया कि इस विषय पर गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि नए जिलों को लेकर लोगों की अलग-अलग राय है।

कुछ लोग इसके पक्ष में हैं और कुछ नहीं। कांगड़ा जिले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा जिला है और यहां विधानसभा की काफी सीटें हैं, जो प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाती हैं।

प्रशासनिक खर्च और डिजिटल सुविधाओं का तर्क

नए जिलों के पक्ष में न होने का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक खर्च बढ़ता है और बजट का बड़ा हिस्सा प्रशासन पर खर्च होता है। उनके अनुसार, अधिक जिले बनाने से विकास में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होती और इसका राजनीतिक नुकसान भी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि अब सड़क नेटवर्क बेहतर होने से दूरियां कम हुई हैं। पहले कांगड़ा में कुल्लू और लाहौल-स्पीति का हिस्सा भी आता था और धर्मशाला आने-जाने में अधिक समय लगता था, लेकिन अब लोग कम समय में पहुंचकर अपना काम करवा सकते हैं।

तहसीलों, एसडीएम कार्यालयों और बीडीओ कार्यालयों के बनने तथा सेवाओं के ऑनलाइन और डिजिटल होने से लोगों की कई जरूरतें घर के करीब या ऑनलाइन ही पूरी हो रही हैं, ऐसे में नए जिलों की आवश्यकता नहीं दिखती।

यह भी पढ़ें- सोलन में धार्मिक प्रतीक कड़ा-कृपाण के कारण युवक ने छोड़ी पटवारी परीक्षा, नियमों को लेकर सिख समुदाय ने जताई नाराजगी

यह भी पढ़ें- अब पानी से बढ़ेगी हिमाचल की कमाई, अतिरिक्त जल की दर 100 रुपये प्रति हजार घन फुट तय

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।