Himachal Weather: अब तक 298 लोगों की मौत, मंडी में 160 व कुल्लू में 101 सड़कें बंद; 7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में लगातार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कई स्थानों पर जलभराव और भूस्खलन से यातायात बाधित है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है जिससे किसानों और बागवानों की मक्की सेब और अन्य फसलों को नुकसान हो रहा है। मंडी और कुल्लू में सड़कें बंद हैं।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में हो रही वर्षा से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। जगह जगह पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। भू-स्खलन के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। कुल्लु मंडी एनएच पर जोगणी माता मंदिर के पास भूस्खलन के कारण एनएच बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
यहां पर बनी पुलिया और इसका डंगा गिरने की कगार पर है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बीच 27 अगस्त तक प्रदेश के मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, और सिरमौर जिला में कई स्थानों पर भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।
राहत नहीं आफत बन कर बरस रही वर्षा
प्रदेश में लगातार जारी वर्षा अब किसानों बागवानों के लिए राहत नहीं बल्कि आफत बन कर बरस रही है।सेब के साथ साथ मक्की और दूसरी अन्य फसलों के लिए यह वर्षा नुकसानदायक साबित हो रही है। ज्यादा वर्षा से सेब का रंग काला पड़ रहा है।
वहीं, ज्यादा वर्षा होने से मक्की की फसल बर्बाद हो रही है। मक्की पर पीला रोग लग गया है। अब किसानों को डर सता रहा है कि कहीं आलू की फसल भी इस वर्षा की भेंट न चढ़ जाए।
मंडी में 160, कुल्लू में 101 सड़कें बंद
प्रदेश में हो रही बारिश से प्रदेश के छह जिलों में यातायात पर असर पड़ा है। आज मंडी, सिरमौर, कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर में मानसून का असर देखने को मिला है।
सिरमौर में सबसे ज्यादा 29.4 मिमी वर्षा हुई है। हमीरपुर, कांगड़ा में 15-15, बिलासपुर में 5, चंबा जिला में 7 मिमी और मंडी जिला में 8 मिमी वर्षा हुई है। भारी वर्षा से मंडी और कुल्लू जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां पर 160 और कुल्लू में 101 सड़कें बंद है।
इसी तरह कांगड़ा में 21, सिरमौर और शिमला में 6-6, ऊना में 11 सड़कों पर यातायात ठप है। इसी तरह 97 ट्रांसफार्मर और पानी की 51 स्कीमें ठप है।
298 लोगों की मौत
भारी वर्षा के कारण प्रदेश में अब तक विभिन्न हादसों में 298 लोगों की मौत हो चुकी है। मानसून में अब तक प्रदेश में बादल फटने की 40 घटनाएं घट चुकी है। बाढ़ की 75, और लैंड स्लाइड की 74 घटनाएं घटी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।