'बृजभूषण सिंह को तुरंत पद से हटाए सरकार', हिमाचल के खेल मंत्री बोले- मेडल लाने वाले न्याय के लिए सड़कों पर हैं
हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बृजभूषण को तुरंत पद से हटा देना चाहिए और खिलाड़ियों के आरोपों की जांच होनी चाहिए।

शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को पद से हटाने की मांग की है। विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के गंभीर आरोप होने के बावजूद एफआईआर और जांच नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
हिमाचल के युवा सेवा एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जब खिलाड़ी मेडल लाता है, तब प्रधानमंत्री से लेकर मंत्री तक खिलाड़ियों से मिलने जाते हैं। उनका एयरपोर्ट पर जाकर स्वागत करते हैं। अब जब खिलाड़ी इतने गंभीर आरोप लगा रहे हैं, तब केंद्र सरकार जांच करने से पीछे हट रही है। यहां तक कि खिलाड़ियों की बात भी नहीं सुनी जा रही है।
'पीएम और अनुराग ठाकुर को खिलाड़ियों से मिलना चाहिए'
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को खुद खिलाड़ियों से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यौन शोषण मामले में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार एफआईआर होनी जरूरी है। बृजभूषण को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में फायदे के लिए उन्हें पद से नहीं हटा रही है।
'खिलाड़ियों का मनोबल गिर रहा है'
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इससे दुनियाभर में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल गिर रहा है और कुश्ती की प्रेक्टिस करने के बजाय खिलाड़ी अपने आप को बचाने व न्याय के लिए सड़कों पर हैं। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि इतने बड़े-बड़े नामी खिलाड़ी यौन शोषण के आरोप लगा रहे हैं और सरकार फिर भी जांच से बच रही है। इससे शक ओर ज्यादा गहरा जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।