सावधान! हिमाचल के चार जिलों में आज आंधी चलने के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को शिंकुला बारालाचा और कुंजुम दर्रों पर हल्का हिमपात हुआ जबकि शिमला मनाली और कुल्लू सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और वर्षा के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को चंबा कांगड़ा मंडी और शिमला में आंधी चलने की संभावना है। तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक का बदलाव आया है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। शुक्रवार को प्रदेश में शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम दर्रों पर हल्का हिमपात हुआ। शिमला सहित मनाली, कुल्लू व कई अन्य स्थानों पर वर्षा हुई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हुए ताजा हिमपात और वर्षा के बाद ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में आंधी चलेगी। हालांकि अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है। कुछ ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और वर्षा हो सकती है।
तापमान में आई गिरावट
प्रदेश में बादल छाने, धूप और वर्षा के बीच अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर गिरावट तो कुछ स्थानों पर वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट चंबा में 2.7 डिग्री सेल्सियस जबकि कसौली में 2.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।