Himachal Weather: शिमला सहित कई स्थानों पर बारिश, बारालाचा दर्रे में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज
हिमाचल प्रदेश में मंडी कुल्लू कांगड़ा और शिमला समेत कई जगहों पर बारिश हुई जबकि शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी हुई जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं। मंडी जिले में मकान गिरने और दरारें आने से कई परिवार बेघर हो गए हैं।

राज्य ब्यूरो, शिमला। मंडी, कुल्लू, कांगड़ा व शिमला सहित अन्य स्थानों पर वीरवार को वर्षा हुई। शिंकुला व बारालाचा दर्रे में हिमपात हुआ। इससे अधिकतम तापमान में दो से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सबसे अधिक गिरावट नेरी में 6.6, कांगड़ा में 3.3, हमीरपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस की आई है। लाहुल घाटी में नदी-नालों में बाढ़ आने से रास्ते बंद होने से लोगों को परेशान होना पड़ा।
कुल्लू के अखाड़ा बाजार में दूसरे दिन भी भूस्खलन हुआ। इनर अखाड़ा बाजार में वीरवार सुबह छह बजे भूस्खलन की जद में दो घर आ गए। दोनों घरों में 10 लोग थे। इससे मलबे में दबने से जम्मू कश्मीर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया। यहां से गंभीर घायल अभिनव सांख्यान को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। दो लोग क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचाराधीन हैं। छह लोग लापता हैं।
इनमें पांच लोग जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। ये लोग नमाज अदा करने के बाद यहां एक घर में रुके थे। इनर अखाड़ा में बुधवार को मलबे में दबे दोनों लोग अभी लापता हैं। मंडी जिले के भंतेहड़ में दोमंजिला मकान गिर गया। हुरंग में मकान पेड़ गिरने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 21 मकानों में दरारें आने से लोगों को घर छोड़ने पड़े हैं। सराज के गांव कुदाड़ में भूस्खलन के कारण आठ परिवार बेघर हुए हैं। जरोल में पांच घरों में दरारें आने पर खाली करवाया है।
उपमंडल जोगेंद्रनगर की लांगणा पंचायत के कोटला गांव में छह मकान पूरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 15 से अधिक घरों और पशुशालाओं पर खतरा है। भरमौर से अब तक 15000 श्रद्धालु सुरक्षित निकाले जा चुके हैं। 800 श्रद्धालु अभी भरमौर में फंसे हैं।
वीरवार सुबह हेलीकाप्टर से 29 श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया। उड़ानें भी नहीं हो पाईं। 450 श्रद्धालुओं को टैक्सियों से चंबा-भरमौर मार्ग पर पड़ते दुर्गेठी के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालुओं को कलसुईं से नूरपुर और पठानकोट तक एचआरटीसी बसों में निश्शुल्क भेजा जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।