Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Weather Today: हिमाचल में राहत की फुहारें, चार डिग्री सेल्सियस गिरा तापमान; आज कैसा रहेगा मौसम?

    Updated: Sat, 14 Jun 2025 07:39 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी से शुक्रवार को कुछ राहत मिली। कांगड़ा शिमला सोलन मंडी और कुल्लू समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने 14 व 15 जून को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है जिससे तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है।

    Hero Image
    हिमाचल में राहत की फुहारें, चार डिग्री सेल्सियस गिरा तापमान (File Photo)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में एक सप्ताह से पड़ रही तेज गर्मी से शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली। कांगड़ा, शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू, ऊना, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर सहित अन्य स्थानों पर वर्षा हुई। राहत की फुहारों से प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग दर्रा में हिमपात हुआ है। शुक्रवार को कांगड़ा में सबसे ज्यादा 22, धर्मशाला में 13, पांवटा साहिब में नौ व कुफरी में चार मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। धर्मशाला में ओलावृष्टि हुई। सोलन में पेड़ गिरने से एक आटो व तीन कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

    हिमपात और वर्षा के कारण तपती गर्मी से राहत मिली है। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए काफी पर्यटक पहाड़ी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला व डलहौजी में पर्यटक गर्मी से राहत पाने के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग ने 14 व 15 जून को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है।

    इससे शिमला, कुल्लू और मंडी में तूफान के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। कांगड़ा व कुल्लू में दोपहर तक लू जबकि उसके बाद तूफान चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है।

    प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट नारकंडा में चार, नेरी व धौलाकुआं में तीन, सोलन और धर्मशाला में दो डिग्री सेल्सियस तक आई है। शुक्रवार को ऊना व बिलासपुर जिला में लू चली। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। आने वाले दिनों में अभी गर्मी के तेवर कड़े रहेंगे।