विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रोजगार पर विधानसभा में हंगामा, 35 से 23 हजार कैसे हुआ आंकड़ा? जयराम बोले- सदन में झूठ बोला जा रहा, CM की भी आई प्रतिक्रिया

Published: Wed, 20 Aug 2025 01:18 PM (IST)Updated: Wed, 20 Aug 2025 01:24 PM (IST)

Himachal Pradesh Vidhan Sabha हिमाचल प्रदेश विधानसभा में रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष ने हंगामा किया और सदन से बाहर ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को संबोधित करते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को संबोधित करते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Pradesh Vidhan Sabha, हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बुधवार को रोजगार के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई और जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्य सदन से बाहर भी गए। 

विधायक विपिन सिंह परमार और सत्तपाल सिंह सत्ती के मूल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक बिक्रम सिंह के अनुपूरक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में ऐलान किया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से जो-जो भी वादे किए हैं, वे पांच साल में पूरे किए जाएंगे। प्रदेश की बहनों को 1500 रुपये देने का वादा भी पूरा किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसेवा और राज्य चयन आयोग के माध्यम से जो भी चयनित होकर आएंगे, उन्हें दो साल बाद नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुबंध का नाम ही ट्रेनी में बदला गया है और ऐसा कोर्ट के आदेश पर किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न विभागों में 5960 पद सृजित किए गए हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए संस्थान खोले। उनमें न पद सृजित किए और न ही पद भरे गए। लेकिन उनकी सरकार ऐसा नहीं करेगी।

6200 एनटीटी शिक्षकों को दो माह में नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात हजार पद केवल शिक्षा विभाग में ही भरे गए हैं। उन्होंने कहा कि पांच हजार पंप ऑपरेटर, 1100 नर्सों के पद भरे गए हैं। इसके अलावा कई पदों को भरने का मामला आयोग को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि 200 डॉक्टरों के पदों का परिणाम घोषित होने वाला है। उन्होंने कहा कि 6200 एनटीटी शिक्षकों को दो माह में नियुक्ति दे दी जाएगी। 

सऊदी अरब में भी रोजगार दिलाया, ओवरसीज रोजगार विभाग बनाया : सीएम 

सरकार प्रदेश के युवाओं को विदेशों में भी रोजगार मुहैया करवा रही है। इसको लेकर यूरोप और जापान की एबेंसी से बात चल रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार से इलेक्ट्रानिक कारपोरेशन को इसका लाइसेंस भी मिल गया है और सऊदी अरब में कुछ युवाओं को रोजगार दिलवाया भी जा चुका है। उन्होंने सदन को आश्वस्त करवाया कि इस साल नौकरियां ही नौकरियां मिलेगी। उन्होंने कहा कि जितने भी निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर निकले हैं, उसमें विदेश में भी रोजगार दिया है और इसके लिए ओवरसीज रोजगार का विभाग बनाया है। उन्होंने कहा कि वहां गए युवाओं को सरकार को ट्रैक किया जा रहा है। 

पिछले वर्ष 34980 बताया था आंकड़ा इस 23191 : परमार

इससे पहले, भाजपा सदस्य विपिन सिंह परमार ने सवाल उठाया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने यह सवाल किया था। तब जवाब आया था कि 34980 को रोजगार दिया गया है। अब 15 अगस्त के दिन मुख्यमंत्री ने कहा कि 23191 को रोजगार दिया गया है। उन्होंने पूछा कि यह अंतर कैसे आया और मुख्यमंत्री का कथन विरोधाभासी है। इसके लिए उन्हें प्रदेश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान पांच साल में पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था। इस हिसाब में अढ़ाई वर्ष में अढ़ाई लाख को रोजगार मिलना चाहिए था, वह क्यों नहीं मिला। 

58 साल की पक्की नौकरी के वादे का क्या हुआ : बिक्रम

उधर, भाजपा सदस्य बिक्रम ठाकुर ने पूछा कि पिछले वर्ष का 35 हजार को रोजगार देने का आंकड़ा अब 23 हजार कैसे पहुंचा। इसके बारे में सदन में बताया जाए। उन्होंने यह भी पूछा कि 58 वर्ष की पक्की नौकरी के वादे का क्या हुआ है। 

गुमराह कर सत्ता पाने से लोकतंत्र कमजोर होता है : सत्ती 

वहीं, सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस ने जब अपना चुनाव घोषणा पत्र बनाया तो शायद मुख्यमंत्री सुक्खू को उसमें शामिल ही नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह कर सत्ता प्राप्त करने से लोकतंत्र कमजोर होता है। उन्होंने पूछा कि क्या अनुबंध प्रथा को ट्रेनी में बदला गया है। उसे दोबारा वापस लिया जाएगा। 

सदन में असत्य बोला जा रहा है : जयराम

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जो आंकड़े गिना रही है, उसमें यह भी बताए कि इसमें कितने पद पूर्व सरकार के समय के सृजित थे और भर्ती के लिए प्रक्रियाधीन थे। उन्होंने यह भी पूछा कि कांग्रेस क्या अपने चुनावी मेनिफेस्टो के मुताबिक पांच साल में पांच लाख को नौकरी देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन के अंदर असत्य बोला जा रहा है और एक बार नहीं बार-बार बोला जा रहा है। 

मैं झूठ बोल रहा तो लाएं प्रीवलेज : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विपक्ष न केवल परेशान है, बल्कि कन्फ्यूज भी है। उन्होंने कहा कि वे बार-बार कह रहे हैं कि आंकड़े नोट कर लें, लेकिन वह बाहर जाने के बहाने ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वे झूठ बोल रहे हैं तो उनके खिलाफ प्रीवलेज लाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि देहरा से विधायक कमलेश को पेंशन नहीं लगी है, बल्कि सैलरी लगी है और यह भाजपा की दया से लगी है। यदि ऐसी ही दया रही तो कई महिलाओं को लगेगी।

यह भी पढ़ें- Himachal Congress: प्रभारी रजनी पाटिल ने बुलाई कांग्रेस विधायक दल की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष पर बनेगी बात?

यह भी पढ़ें- Himachal News: नेगी के बयान पर घमासान, जयराम बोले- सदन में बकवास नहीं सुन सकता, विपक्ष करेगा राजस्व मंत्री का बहिष्कार