हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर! पदक लानेवालों की इनाम राशि में बढ़ोतरी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी! अंतर विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में पदक जीतने पर अब दो से तीन गुना अधिक ईनामी राशि मिलेगी। खेल परिषद की बैठक में एकल और टीम प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया। यूथ फेस्टिवल के चारों ग्रुपों के लिए भी राशि बढ़ाई गई है। यह निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन की अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के खिलाड़ियों को अंतर विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में पदक हासिल करने पर अब बढ़ी हुई ईनामी राशि मिलेगी। इस राशि में दो से तीन गुना की बढ़ोतरी की गई है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की खेल परिषद की बैठक में यह निर्णय लिए गए हैं। अब इन्हें विश्वविद्यालय प्रशासन के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। अब उत्तर क्षेत्रीय विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में आयोजित एकल प्रतिस्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त करने पर छह हजार के बजाय 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। दूसरा स्थान प्राप्त करने पर पांच हजार के बजाय 12 हजार रुपये दिए जाएंगे।
तीसरा स्थान प्राप्त करने पर चार हजार के बजाय 10 हजार व चौथा स्थान हासिल करने पर दो हजार के बजाय आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। पहला स्थान हासिल करने पर पांच हजार के बजाय 12 हजार, दूसरा स्थान प्राप्त करने पर 4500 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। तीसरा स्थान प्राप्त करने पर चार हजार के बजाय आठ और चौथा स्थान प्राप्त करने पर एक हजार के बजाय पांच हजार रुपये की ईनामी राशि दी जाएगी।
ऑल इंडिया अंतर विवि प्रतियोगिता में एकल प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त करने पर 20 हजार के बजाय 40 हजार और दूसरा स्थान प्राप्त करने पर 15 हजार के बजाय 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 12 हजार के बजाय 18 हजार और चौथा स्थान प्राप्त करने पर दो हजार के बजाय 12 हजार रुपये की ईनामी राशि दी जाएगी।
टीम प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त करने पर आठ के बजाय 20 हजार और दूसरा स्थान प्राप्त करने पर छह हजार के बजाय 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। तीसरा स्थान प्राप्त करने पर पांच हजार के बजाय 12 हजार और चौथा स्थान हासिल करने पर दो हजार के बजाय आठ हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
यूथ फेस्टिवल के चारों ग्रुप के लिए दी जाने वाली राशि में भी बढ़ोतरी की है। यूथ फेस्टिवल के ग्रुप एक में एक लाख 55 हजार के बजाय एक लाख 80 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। वहीं ग्रुप दो के लिए एक लाख 65 हजार के बजाय दो लाख, ग्रुप तीन के लिए एक लाख 80 हजार के बजाय दो लाख 20 हजार, ग्रुप चार के लिए दो लाख के बजाय ढाई लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।