हिमाचल में अब सातों दिन मिलेगी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा, 15 महीने में 100 सफल सर्जरी के बाद लिया फैसला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी को अब सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी सातों दिन मिलेगी (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री ने रोबोटिक सर्जरी को सप्ताह के सातों दिन चलाने के निर्देश दिए
पिछले 15 माह में 1100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं
यह तकनीक मरीजों को कम चीरा, रक्तस्राव और शीघ्र स्वस्थ होने में मदद करती है
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी अब सप्ताह में सिर्फ चुनिंदा दिनों तक सीमित नहीं रहेगी। मरीजों को आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में महज 15 माह के भीतर 1100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी होना स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को शिमला में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए चिकित्सकों की पीठ थपथपाई और इस सुविधा का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट तलब की, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। रोबोटिक सर्जरी में कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर के आपरेशन और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी सर्जरी शामिल हैं। 1100 आपरेशन होने पर मुख्यमंत्री ने केक काटा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के IAS राघव शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पांच साल के लिए बने उपराष्ट्रपति के निजी सचिव
41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को किया प्रशिक्षित
उन्होंने युवा चिकित्सकों को भी रोबोटिक सर्जरी में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण देने को कहा। अब तक प्रदेश में 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
इनमें नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। प्रदेश के चार प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है।
इनमें अटल इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार इन संस्थानों में एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिमाचल के मरीजों को उन्नत सर्जरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकार अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू करने पर विचार कर रही है।
छोटा चीरा, कम रक्तस्राव और जल्दी मिलेगी छुट्टी
रोबोटिक सर्जरी का सबसे बड़ा फायदा मरीजों को अस्पताल में कम समय तक रहना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ओपन सर्जरी की तुलना में इस तकनीक से अस्पताल में रहने की अवधि 50 से 75 प्रतिशत तक घट रही है।
इसमें शल्य चीरा छोटा लगता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है। इससे मरीजों को जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में घूम रहा कुख्यात उधम सिंह, साथियों संग पार्टी की तस्वीरें वायरल, तलाश नहीं पा रही मेरठ पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।