हिमाचल के IAS राघव शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पांच साल के लिए बने उपराष्ट्रपति के निजी सचिव
हिमाचल प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राघव शर्मा को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है।

आईएएस राघव शर्मा और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन (फाइल फोटो)
HighLights
आईएएस राघव शर्मा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निजी सचिव बने
उन्हें पांच साल की अवधि के लिए यह महत्वपूर्ण पद मिला
केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आइएएस अधिकारी व निदेशक ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राघव शर्मा को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है। वह उपराष्ट्रपति सचिवालय में उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) स्तर पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के स्थापना अधिकारी कार्यालय की ओर से इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को तत्काल प्रभाव से पत्र जारी किया गया है।
नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है। इसकी गणना पदभार संभालने की तारीख से होगी। आदेश के अनुसार राघव शर्मा का कार्यकाल पांच वर्ष, उपराष्ट्रपति के कार्यकाल की समाप्ति, निजी सचिव के पद पर कार्य करना बंद करने अथवा अगले आदेश तक रहेगा। इनमें जो भी स्थिति पहले आएगी, उसी के आधार पर उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त हो जाएगी।