हिमाचल बल्क ड्रग पार्क में बिजली ढांचे को विस्तार की तैयारी, 2 उपकेंद्र के लिए जमीन चिह्नित; 28 करोड़ होंगे खर्च
ऊना के बल्क ड्रग पार्क में औद्योगिक इकाइयों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है।

ऊना में बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बल्क ड्रग पार्क में दो नए विद्युत उपकेंद्र बनेंगे।
₹28.50 करोड़ से 20 एमबीए बिजली आपूर्ति ढांचा तैयार।
औद्योगिक इकाइयों को बिजली देने का मार्ग प्रशस्त।
जागरण संवाददाता, ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पोलियां बीत में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क में औद्योगिक इकाइयों को बिजली उपलब्ध करवाने के लिए विद्युत बोर्ड ने ढांचागत विकास के अगले चरण की तैयारी शुरू कर दी है। पार्क के भीतर बिजली आपूर्ति का मजबूत नेटवर्क तैयार करने के लिए दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इन दोनों उपकेंद्रों के लिए साइट के अंदर भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। अब विद्युत बोर्ड इनके निर्माण सहित अन्य संबंधित कार्यों का विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने पर जोर है।
वहीं, पार्क तक बिजली पहुंचाने के लिए बाहरी ढांचे को विकसित करने का अधिकांश काम पूरा किया जा चुका है। 132 केवी टाहलीवाल उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने के साथ गोंदपुर उपकेंद्र से बल्क ड्रग पार्क तक करीब 13 किलोमीटर लंबी दोहरी परिपथ बिजली लाइन बिछाई जा चुकी है। इससे पार्क की शुरुआती जरूरत के अनुसार 10 एमबीए बिजली उपलब्ध करवाने की व्यवस्था तैयार है।
20 एमबीए बिजली आपूर्ति का ढांचा तैयार
निर्माण कार्यों के लिए 10 एमबीए की मांग को पूरा करने की दिशा में बोर्ड पहले ही काम कर चुका है। इसके बाद अब औद्योगिक इकाइयों के पहले चरण की जरूरतों को ध्यान में रखकर 20 एमबीए बिजली आपूर्ति का ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए 28.50 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। इस धनराशि से नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा।
टाहलीवाल से बिछेगी 33 केवी लाइन
इसके अलावा टाहलीवाल से पार्क तक 33 केवी लाइन बिछाने और औद्योगिक भूखंडों तक 11 केवी की लाइनें पहुंचाने के कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। विद्युत बोर्ड का लक्ष्य करीब एक वर्ष के भीतर इस चरण के कार्यों को पूरा करना है।
दो अन्य उपकेंद्रों की योजना
पार्क में पहले चरण के सभी औद्योगिक भूखंडों की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए दो अन्य उपकेंद्रों की योजना भी तैयार की जा रही है। इनके लिए भूमि चयनित होने के बाद अब तकनीकी और वित्तीय आकलन का काम चल रहा है। प्राक्कलन तैयार होने के बाद इनकी लागत और निर्माण की आगामी प्रक्रिया तय होगी। आने वाले दिनों में औद्योगिक इकाइयों के निर्माण और उनके संचालन के लिए आवश्यक बिजली उपलब्ध करवाने का रास्ता तैयार होगा।
बल्क ड्रग पार्क के भीतर दो नए विद्युत उपकेंद्रों के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। इनकी जरूरत के अनुसार प्राक्कलन रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है। 28.50 करोड़ रुपये से होने वाले कार्य भी आगामी दिनों में शुरू कर दिए जाएंगे। इनमें 33 केवी उपकेंद्र, बिजली लाइन और औद्योगिक भूखंडों तक 11 केवी लाइन बिछाने के कार्य शामिल हैं, इन्हें आगामी वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।
-दर्शन सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत बोर्ड, ऊना।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में 1500 रुपये के लिए अब 2.65 लाख महिलाएं पात्र, योजना शुरू होते ही खाते में आएगी पहली किस्त
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।