हिमाचल में 1500 रुपये के लिए अब 2.65 लाख महिलाएं पात्र, योजना शुरू होते ही खाते में आएगी पहली किस्त
हिमाचल प्रदेश में 'मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना' के तहत 2.65 लाख आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
2.65 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे।
योजना से सरकार पर 40 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार।
पहली किस्त सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित होगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार को करीब 40 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार उठाना होगा। मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना के तहत 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की करीब 2.65 लाख पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।
प्रदेश की 3.50 लाख गरीब महिलाओं में से 85 हजार पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही हैं, इसलिए दोहरी आर्थिक सहायता से बचने के लिए उन्हें योजना से बाहर रखा गया है।
18 से 20 वर्ष की युवतियों को भी जोड़ने की प्रक्रिया
सरकार ने योजना में 18 से 20 वर्ष की युवतियों को भी शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे लाभार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ मासिक व्यय करीब 45 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। योजना लागू होते ही पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी।
योजना की शुरुआत के साथ ही खाते में आएगी पहली किस्त
चयनित लाभार्थियों के करीब 2.65 लाख बैंक खाते आधार से लिंक किए जा चुके हैं। इससे राशि का सीधे खातों में हस्तांतरण और भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। योजना के शुभारंभ के साथ ही पहली किस्त जारी करने की तैयारी है। चुनावी वर्ष में सुक्खू सरकार इस योजना के माध्यम से अपनी गारंटी पूरी करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गौरतलब है कि 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से ही 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की करीब 35 हजार महिलाओं को भी सम्मान निधि के रूप में इतनी ही राशि मिल रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थियों को हर तीसरे महीने पेंशन और सहायता राशि एक साथ देने का प्रविधान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।