विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधायकों से 91 हजार के बजाय मात्र 1600 वसूलने पर हिमाचल हाई कोर्ट सख्त, दंडात्मक किराया नियमित करने पर जवाब मांगा

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:51 AM (IST)

हिमाचल हाई कोर्ट ने पूर्व मुख्य संसदीय सचिवों से दंडात्मक किराया नियमित करने पर सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने 80 लाख से अधिक की देनदारी के बावजूद मात्र 1600 रुपये मासिक वसूलने के फैसले पर सख्त रुख अपनाया।

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का शिमला परिसर। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का शिमला परिसर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने पूर्व CPS विधायकों के किराए पर सरकार से जवाब मांगा।

  2. सरकार ने 80 लाख की दंडात्मक किराए की देनदारी को 1600 रुपये किया।

  3. मामला लंबित होने के दौरान कैबिनेट ने किराया नियमित करने का निर्णय लिया।

विधि संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) पद से हटाए छह विधायकों के 80,22,973 रुपये के दंडात्मक किराये को सरकार द्वारा नियमित किए जाने के फैसले पर सख्त रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश जीएस संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन सी नेगी की खंडपीठ ने सरकारी खजाने को होने वाले इस नुकसान और विधायकों को दी राहत पर सरकार से जवाब मांगा है।

राज्य सरकार के वकील ने सरकार के इन फैसलों को उचित ठहराने के लिए अदालत से समय मांगा है। मामले की सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।

52 और 91 हजार के बजाय मात्र 1600 वसूले

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सरकार के खुद के आकलन के अनुसार, 31 जुलाई 2026 तक इन छह विधायकों पर दंडात्मक किराये के रूप में 80,22,973 रुपये की देनदारी बनती है। नियमानुसार इनसे 52,938 रुपये से लेकर 91,944 रुपये प्रतिमाह तक दंडात्मक किराया वसूला जाना था। लेकिन 12 अगस्त, 2026 के पत्र के अनुसार सरकार ने इनसे मात्र 1,600 रुपये प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस ही वसूली।

अदालत में मामला लंबित होने के दौरान कैबिनेट का निर्णय

कोर्ट ने इस बात पर भी गौर किया कि जब अदालत में इन विधायकों की सरकारी आवास में रहने की पात्रता पर सवाल उठाए जा रहे थे तभी मामले के लंबित रहने के दौरान चार मई, 2026 को इसे कैबिनेट के समक्ष रखकर सामान्य लाइसेंस फीस के भुगतान को नियमित कर दिया गया। 

प्रतिष्ठित सरकारी आवासों में रह रहे

24 नवंबर, 2024 को इनकी सीपीएस के रूप में नियुक्तियां रद होने और सुप्रीम कोर्ट से कोई स्थगन आदेश न होने के बावजूद ये छह विधायक शिमला में टाइप-छह, सात और आठ के प्रतिष्ठित सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इनमें किशोरी लाल (मैन्सफील्ड लाज टाइप आठ), राम कुमार (बेनमोर-चार टाइप सात), सुंदर सिंह ठाकुर (बेनमोर-छह टाइप सात), मोहन लाल ब्राक्टा (मिनिस्टर हाउस नंबर पांच ग्रांट लाज टाइप सात), संजय अवस्थी (मिनिस्टर हाउस नंबर चार ग्रांट लाज टाइप छह) और आशीष बुटेल (बेनमोर-पांच टाइप सात) शामिल हैं।

जज गेस्ट हाउस में रह रहे

कोर्ट ने कहा कि 30 अगस्त, 2026 को नियुक्त हुए हाई कोर्ट के तीन नए जजों को टाइप-आठ आवास नहीं मिल पा रहे हैं और दो जज हाई कोर्ट गेस्ट हाउस (कर्जन हाउस) में रहने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा, कोर्ट ने 21 पत्रकारों को नियम के विरुद्ध और दशकों तक एडहाक आधार पर सरकारी आवास देने को भी मनमाना करार दिया।

यह भी पढ़ें: परिसीमन से हिमाचल की राजनीतिक तस्वीर बदलेगी, लोकसभा की सीटें छह और विधानसभा की 68 से 102 होने का अनुमान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।