विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिसीमन से हिमाचल की राजनीतिक तस्वीर बदलेगी, लोकसभा की सीटें छह और विधानसभा की 68 से 102 होने का अनुमान

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:09 AM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 11:33 AM (IST)

परिसीमन और महिला आरक्षण से हिमाचल की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव आएगा, जिसमें लोकसभा की सीटें बढ़कर छह और विधानसभा की 68 से 102 होने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का परिसर। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का परिसर। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. लोकसभा सीटें 4 से 6, विधानसभा सीटें 68 से 102 होंगी।

  2. महिला आरक्षण से 2 महिला सांसद, 34 महिला विधायक बनेंगी।

  3. परिसीमन के जनगणना आधार पर राजनीतिक मतभेद उभरे हैं।

प्रकाश भारद्वाज, शिमला। परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की स्थिति में हिमाचल की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश में लोकसभा की चार सीटें बढ़कर छह और विधानसभा की 68 सीटें बढ़कर 102 होने का अनुमान है। महिला आरक्षण का प्रविधान लागू होने पर लोकसभा में दो महिला सांसद और विधानसभा में 34 महिला विधायक पहुंच सकती हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ चुनावी समीकरण भी बदलेंगे।

वर्तमान में हिमाचल में 68 विधायकों में केवल तीन महिलाएं हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने पर विधानसभा की 102 सीटों में 34 और लोकसभा की छह सीटों में दो महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।

अनुसूचित जाति की सीटों की संख्या वर्तमान 17 से बढ़कर 20 से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों की तीन सीटों की संख्या यथावत रह सकती है।

जनगणना के आधार पर परिसीमन पर असमंजस

परिसीमन में जनगणना का आधार महत्वपूर्ण होगा। केंद्र सरकार की ओर से 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण की योजना की चर्चा है, जबकि हिमाचल में जनगणना का कार्य चल रहा है, जो अगले वर्ष मार्च तक पूरा होने की संभावना है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि परिसीमन में 2011 के आंकड़े इस्तेमाल होंगे या नई जनगणना को आधार बनाया जाएगा।

भाजपा समर्थन में, कांग्रेस ने उठाए सवाल

परिसीमन को लेकर प्रदेश में सियासी मतभेद भी सामने आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते हुए कहा है कि इससे संसदीय व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। इसके विपरीत कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण की आड़ में सीटें बढ़ाने और उत्तर-दक्षिण के बीच राजनीतिक विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें: 3.50 लाख महिलाओं को 1500 और 300 यूनिट फ्री बिजली, सुक्खू सरकार ने निगरानी भी की मजबूत; गलत जानकारी पर होगी वसूली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।