Himachal Election 2022: सीएम जयराम व सुरेश कश्यप को काम सौंपकर दिल्ली लौटे जेपी नड्डा, 40 मिनट दिया मंत्र
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को काम सौंप दिल्ली रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने दोनों नेताओं के साथ 40 मिनट तक बात की। प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की। जेपी नड्डा का शनिवार को दिल्ली से लौटने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह फीडबैक लेंगे कि कितने असंतुष्ट पार्टी में आ गए हैं। इन्हें मनाने में कितनी सफलता मिली है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार वीरवार रात और शुक्रवार सुबह जेपी नड्डा, जयराम ठाकुर व सुरेश कश्यप ने असंतुष्ट नेताओं से बात की है। असंतुष्ट नेताओं के नजदीकी लोगों को भी इन्हें मनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसका परिणाम पार्टी को चुनाव परिणाम में देखने को मिलेगा। वर्तमान में भाजपा के 12 से ज्यादा असंतुष्ट नेता पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध मैदान में डटे हैं। इन्हें मनाने के लिए कई दिन से कोशिश की जा रही है। अभी तक सफलता कुल्लू में मिली है, जहां महेश्वर सिंह ने नामांकन वापस लेने का फैसला किया है। पार्टी के एक असंतुष्ट नेता ने तो बात करने से भी इन्कार कर दिया है। असंतुष्ट नेताओं को मनाने के लिए अब एक दिन शेष है।
असंतुष्ट नेताओं को मना लेंगे, आज वापस लेंगे नाम : शुक्ल
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस दो तिहाई सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। कांग्रेस के टिकट वितरण की हर जगह प्रशंसा हो रही है। पार्टी ने बेहतर और जीतने वाले प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इनमें डाक्टर, इंजीनियर, पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट भी शामिल हैं। कांग्रेस में मामूली विद्रोह है। पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश कांग्रेस नेता इन्हें मनाने में जुटे हैं।
शुक्रवार को शिमला में शुक्ल ने कहा कि ज्यादातर असंतुष्ट मान गए हैं। शनिवार को नामांकन वापस ले लेंगे। उन्होंने भाजपा के टिकट वितरण पर तंज कसा, कहा कि भाजपा में टिकट आवंटन को लेकर विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई है। यह भाजपा की हार का संकेत है। कांग्रेस के प्रचार का शुभारंभ प्रियंका गांधी वाड्रा सोलन से कर चुकी हैं। अब 31 अक्टूबर को कुल्लू और मंडी से रोड शो व जनसभा करेंगी। इसी तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत दूसरे स्टार प्रचारकों की रैलियां भी जल्द तय की जाएंगी। कांग्रेस ने जनता को जो 10 गारंटियां दी हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। पार्टी जल्द अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जल्द जारी करेगी। सह प्रभारी संजय दत्त, गुरकीरत सिंह कोटली व्यक्तिगत तौर पर कांगड़ा व ऊना के नाराज नेताओं से बात कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।