Himachal Mausam: लाहुल-स्पीति में बर्फबारी, दो दिन बाद भारी बारिश की चेतावनी; ग्लेशियर-भूस्खलन का बढ़ा खतरा
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदली है। लाहुल-स्पीति जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रोहतांग बारालाचा कुंजुम शिंकुला और अटल टनल में हल्का हिमपात हुआ है। मनाली के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है जबकि निचले इलाकों में शाम तक हल्की बारिश होती रही है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश के जनजातीय लाहुल-स्पीति जिला में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम, शिंकुला व अटल टनल में हल्का हिमपात हुआ। मनाली के ऊपरी स्थानों में हल्का हिमपात होता रहा और निचले क्षेत्रों में शाम तक वर्षा होती रही।
पंडोह, सांगला व कल्पा में भी हल्की वर्षा हुई। प्रदेश के अन्य निचले स्थानों पर धूप निकली है। मौसम विभाग ने 15 मार्च को भारी वर्षा की चेतावनी दी है। लाहुल स्पीति और पांगी में हिमस्खलन की आशंका है।
सबसे अधिक तापमान सिरमौर के धौला कुआं में 31.8 और सबसे कम लाहुल-स्पीति के ताबो में -5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 15 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अंधड के साथ आसमानी बिजली चमकने की आशंका व्यक्त की है। पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी अफगानिस्तान से सक्रिय हुआ है।
प्रमुख शहरों का तापमान
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला 11.2, 20.6
- सुंदरनगर 11.7, 29.4
- भुंतर 9.4, 24.5
- कल्पा 2.0, 13.4
- धर्मशाला 6.7, -
- ऊना 10.4, 32.0
- नाहन 12.8, 27.6
- केलंग -0.9, -
- सोलन 10.2, 26.0
- मनाली 6.7, 11.8
- कांगड़ा 12.9, 29.0
- मंडी 11.9, 28.2
- बिलासपुर 12.7, 30.5
- चंबा 11.3, 21.7
- डलहौजी, 8.7, 13.5
पांगी में हिमपात, चंबा में वर्षा व ओलावृष्टि
जिला चंबा में वीरवार को मौसम फिर प्रतिकूल हुआ। इससे जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में सायं वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। पांगी मुख्यालय किलाड़ में शाम तक करीब ढाई इंच तक हिमपात हो चुका था। चस्क भटोरी व साथ लगते क्षेत्रों में करीब पांच इंच तक हिमपात हुआ।
तीन दिन से पांगी के निचले क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा और ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। इससे लोग घरों में कैद हो गए हैं। घाटी में ग्लेशियर और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। बिजली न होने से लोगों को मोमबत्ती व लैंप के सहारे रातें गुजारनी पड़ रही हैं।
बच्चों को भी इनके सहारे परीक्षाओं की तैयारी करनी पड़ रही है। सड़कें भी अभी तक बहाल नहीं हुई हैं। पांगी के पुर्थी, शौर, रेई, सुराल, लुज, धरवास, हुडान, पंचायतों, हिलौर सहित कई गांवों में करीब 17 दिन से बिजली नहीं है। 26 फरवरी से हो रहे हिमपात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और बिना कारण घर से बाहर न निकलने को कहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।