Republic Day 2024: रिज मैदान पर गणतंत्र दिवस को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल शुरू, परेड में हरियाणा पुलिस भी लेगी भाग
Republic Day 2024 हिमाचल में गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस मौके पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस को लेकर रिज मैदान में बुधवार को परेड रिह ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, शिमला। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस को लेकर रिज मैदान में बुधवार को परेड रिहर्सल पूरी हो चुकी है। सेना समेत 23 टुकड़ियों ने फुल ड्रेस में परेड की। परेड की सलामी एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी ने ली। इसके बाद विभिन्न टुकड़ियों ने लाइन में लगकर स्कैंडल से लेकर रिज मैदान तक मार्च पास्ट किया।
पहली बार परेड में हरियाणा पुलिस की टुकड़ी को शामिल किया गया है। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में हर बार पड़ोसी राज्य की टुकड़ी भी परेड में भाग लेती है। इस बार परेड में भाग लेने के लिए हरियाणा पुलिस की टुकड़ी को चुना गया है।
रिज मैदान में जारी हैं तैयारियां
हिमाचल पुलिस, हरियाणा पुलिस, जेएंडके राइफल्स, आईटीबीपी, पुलिस महिला व पुरुष टुकड़ियां, सेना पाईप बैंड, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस बैंड, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा, डाक सेवा, होम गार्ड बैंड, पूर्व सैनिक दल, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड्स, आपदा प्रबंधन समूह व पुलिस का श्वान दल आदि भाग ले रहे हैं। रिज पर मंच सजाने का काम भी शुरू हो गया है। इस बार भी सलामी के बड़े झंडे के सामने जगह चिन्हित की गई है। मंच को सजाने के लिए अभी तक लोहे के बंबू गाढ़कर तिरपाल लगाया जा रहा है। इसके बाद इसे फूलों से सजाया जाएगा।
11 बजे रिज पहुंचेंगे राज्यपाल
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 11 बजे रिज मैदान पहुंचेंगे।
1.11:02 पर ध्वजारोहण होगा।
2.11:05 पर परेड का निरीक्षण किया जाएगा।
3.11:10 पर मार्च पास्ट शुरू होगा।
4.11:20 पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।
बालिका आश्रम टूटी कंडी की छात्राएं करेगी सांस्कृतिक कार्यक्रम
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस पर पहली बार बालिका आश्रम टूटी कंडी की छात्राएं भी स्टेज पर प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल, एनजेडसीसी पटियाला के दल और शहर के स्कूली के छात्र देशभक्ति के कार्यक्रम पेश करेंगे। एडीएम प्रोटोकॉल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी होंगे।
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
इस दौरान रिज और आस पास के एरिया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जगह- जगह पुलिस बल के अलावा क्यूआरटी और ड्रोन कैमरा की पैनी नजर रहेगी। साथ ही रिज आने के लिए तीन गेट लगेंगे जिसमें एक में वीआईपी एंट्री होगी और बाकी दो में आम जनता चेकिंग के बाद आ सकेगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए एंट्री गेट अलग से तैयार होने हैं।
मौसम खराब हुआ तो गेयटी थियेटर में होंगे कार्यक्रम
यदि रिपब्लिक डे पर बारिश या बर्फबारी हुई तो सांस्कृतिक कार्यक्रम को गेयटी थियेटर में किया जाएगा। थिएटर को पहले से कार्यक्रम के लिए सजाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इसकी तैयारियां की जा रही है। जो कलाकार इस कार्यक्रम में भाग लेंगे उनकी ऑडिशन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। चयनित कलाकर अपनी प्रस्तुति के लिए तैयारी कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।