Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    हिमाचल में ठेकेदारों की प्रथा खत्म, अब वन निगम करेगा पेड़ों के ठूंठ निकालने का काम; CM सुक्खू ने किया एलान

    Updated: Sun, 18 May 2025 10:48 AM (IST)

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने वन विकास निगम को ठेकेदारों से पेड़ के ठूंठ निकलवाने की प्रथा खत्म कर स्वयं यह कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लगभग 10000 ठूंठ निकालने के लिए रोडमैप बनाने को भी कहा है। मुख्यमंत्री ने वन विभाग को जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

    Hero Image
    वन निगम में ठेकेदारों को काम देने की प्रथा होगी समाप्त: सीएम सुक्खू (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने राज्य वन विकास निगम को ठेकेदारों को काम पर रखने की प्रथा को समाप्त कर पेड़ों के ठूंठ (साइडर वुड स्टंप) को निकालने का कार्य स्वयं करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लगभग 10,000 ठूंठ निकालने के लिए रोडमैप तैयार करने के भी निर्देश दिए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री सुक्खू शनिवार को शिमला में वन विकास निगम की मूल्य निर्धारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में गैर लकड़ी वन उपज की नई दरों और रायल्टी को भी मंजूरी प्रदान की गई। इस समिति की पिछली बैठक वर्ष 2022 में हुई थी।

    बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी

    इस मौके पर निगम ने खैर और साल के पेड़ों की कटाई से राजस्व के रूप में प्राप्त रायल्टी का 41.30 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, सर्वोच्च न्यायालय की अनुमति से पारिस्थितिकी तंत्र को ध्यान में रखकर की गई कटाई न केवल लाभकारी रही है, बल्कि राज्य के राजस्व में भी योगदान दे रही है।

    मुख्यमंत्री ने वन विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर क्षतिग्रस्त पेड़ों का समय पर निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन केके पंत, प्रधान मुख्य अरण्यपाल समीर रस्तोगी, राज्य वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक संजय सूद और वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    आग की घटनाएं रोकने के लिए बनाएं प्रभावी व्यवस्था

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वन विभाग को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि वन अग्निशमन सेवाओं को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाकर आग की घटनाओं को नियंत्रित करना चाहिए। उन्होंने पौधों की जीवित रहने की दर में सुधार पर भी बल दिया।