यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में प्रचंड हुई गर्मी, ऊना में पारा 42 डिग्री पार
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार व बुधवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे हो गए हैं। दो दिन से प्रचंड गर्मी होने पर लोग बेहाल हैं। सोमवार को पहाड़ों की रानी शिमला में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली, जहां पारा 28.2 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू गया। ऊना जिले में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार सुबह से ही इतनी गर्मी थी कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।
दो दिन से प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई मगर उन क्षेत्रों में तेज धूप से उमस बढ़ गई। बजौरा में नौ मिलीमीटर, भरमौर 4.2, उदयपुर 1.4 व शेओबाग में 0.6 मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार व बुधवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले एक-दो स्थानों पर बारिश व अधिक ऊंचाई वाले एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ राहत मिलेगी लेकिन मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का सिलसिला बरकरार रहेगा।
यह भी पढ़ें: छह दिन बाद बहाल हुआ रोहतांग दर्रा
यह भी पढ़ें: साक्षात्कार के सात दिन बाद मिला कॉल लेटर