अफीम, कोकीन और हेरोइन... नशे के जंजाल में बुरी तरह फंस रहे हिमाचल के युवा, विदेशी तस्करों का अहम रोल
शिमला में नशा तस्करी के मामलों में विदेशी नागरिकों की संलिप्तता पाई गई है। प्रदेश की जेलों में 152 विदेशी कैदी बंद हैं जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें नाइजीरियाई और नेपाली नागरिक अधिक हैं। मादक पदार्थों की तस्करी में चिट्टे के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं जिसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने कई गैंग का पर्दाफाश किया है।

यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। देवभूमि हिमाचल के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने में विदेशी तस्करों का भी हाथ है। विदेशी तस्कर प्रदेश व देश के नशा माफिया के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इसका पता मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत मामलों की जांच में चला है। यही नहीं नशा तस्करों में विदेशी महिलाएं भी शामिल हैं। प्रदेश की जेलों में 152 विदेशी बंद हैं, जिनमें 18 महिलाएं अलग-अलग मामलों को लेकर कैद हैं।
मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 72 विदेशी शातिर प्रदेश की जेलों में बंद हैं, जिनमें सात महिलाएं भी शामिल हैं। प्रदेश में छह माह के दौरान पुलिस ने करीब 15 गैंग के 150 आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
प्रदेश में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत जेलों में बंद विदेशियों में आठ नाइजीरियन, दो रूसी, एक अफ्रीका, एक सिएरालिओन और 60 नेपाली शामिल हैं। सबसे ज्यादा विदेशी कंडा जेल में बंद हैं।
दो महिलाओं और 25 विदेशी पुरुषों को मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत सजा सुनाई गई है। बाकी के मामलों की सुनवाई चल रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी में सबसे अधिक चिट्टे के मामले सामने आ रहे हैं। इस संबंध जीरो टालरेंस नीति अपनाई जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी में विदेशी नागरिक भी पकड़े गए हैं। इसके अलावा कई स्थानीय गैंग का पर्दाफाश कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। - अशोक तिवारी, हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक
हर साल पकड़ा जा रहा नशा
- चरस - 250 से 305 किलोग्राम
- भांग - 30 से 35 किलोग्राम
- चिट्टा - 12 से 15 किलोग्राम
- स्मैक - 120 से 150 ग्राम
- गांजा - 100 से 120 किलोग्राम
- अफीम डोडा - 500 से 600 किलोग्राम
- अफीम बीज - 20 से 25 किलोग्राम
प्रदेश की जेलों में बंद विदेशी कैदी
स्थान | जेल सजायाफ्ता कैदी | विचाराधीन कैदी | कुल |
---|---|---|---|
कैथू | 01 | 11 | 12 |
नाहन | 27 | 06 | 33 |
ऊना | 00 | 01 | 01 |
मंडी | 00 | 04 | 04 |
कल्पा | 00 | 18 | 18 |
नालागढ़ | 03 | 01 | 04 |
बिलासपुर | 00 | 22 | 22 |
धर्मशाला | 00 | 03 | 03 |
कंडा शिमला | 45 | 10 | 55 |
कुल | 76 | 76 | 152 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।