विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंखों की रोशनी के बिना एवरेस्ट पर लहराया तिरंगा, अब 4 और चोटियों पर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगी हिमाचल की छोंजिन आंग्मो

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:14 PM (IST)Updated: Fri, 20 Nov 2026 02:18 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश की छोंजिन आंग्मो ने नेत्रहीन होने के बावजूद माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा। वह भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं नेत्रहीन महिला पर्वतारोही हैं, और अब चार और चोटियां चढ़ने का लक्ष्य रखती हैं।

किन्नौर की बेटी छोंजिन आंग्मो (जागरण ग्राफिक्स)

किन्नौर की बेटी छोंजिन आंग्मो (जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. छोंजिन आंग्मो भारत की पहली नेत्रहीन एवरेस्ट विजेता बनीं

  2. उन्होंने 19 मई 2025 को माउंट एवरेस्ट फतह किया

  3. अब उनका लक्ष्य चार और ऊंची चोटियां चढ़ना है

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर की बेटी छोंजिन आंग्मो ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, साहस और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि सफलता की राह में शारीरिक चुनौतियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।

महज आठ वर्ष की उम्र में आंखों की रोशनी गंवाने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को मरने नहीं दिया और दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहुंचकर इतिहास रच दिया।

किन्नौर जिले के भारत-तिब्बत सीमा से सटे दूरदराज गांव चांगो में जन्मी छोंजिन आंग्मो ने 19 मई 2025 को 8,848.86 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट का सफल आरोहण किया था। इस उपलब्धि के साथ वह एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं नेत्रहीन महिला पर्वतारोही बनीं।

HIMACHAL_LADIES

आंग्मो की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है। आंखों की रोशनी चले जाने के बाद भी उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं।

पर्वतारोहण के साथ-साथ आंग्मो ने साइकिलिंग, तैराकी, मैराथन दौड़ और मार्शल आर्ट्स सहित विभिन्न खेलों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी प्रतिभा और असाधारण उपलब्धियों को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था।

HIMACHAL_LADY

चार और ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

धर्मशाला में गुरुवार को टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित वार्षिक 'थैंक यू डे' समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं छोंजिन आंग्मो ने अपने आगामी लक्ष्य भी साझा किए।

उन्होंने दुनिया की चार और सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की इच्छा जताई। उनका लक्ष्य पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करने के साथ-साथ दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।

आंग्मो का मानना है कि असाधारण उपलब्धियां हासिल करने के लिए आंखों की रोशनी होना जरूरी नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास सबसे अधिक मायने रखते हैं।

किन्नौर के छोटे से सीमावर्ती गांव चांगो से निकलकर दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी तक पहुंचने वाली छोंजिन आंग्मो की उपलब्धि न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता उन तमाम लोगों के लिए प्रेरणा है, जो जीवन की चुनौतियों के सामने अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी से भड़का विपक्ष, जगत सिंह नेगी को कैबिनेट से हटाने की मांग, क्या बोले CM सुक्खू?

यह भी पढ़ें- हिमाचल में ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी को लेकर सियासत गरमाई, भाजपा ने मंत्री जगत नेगी की बर्खास्तगी मांगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।